औरैया: ट्रेन से कटकर कैंसर पीड़ित की मौत, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आया, दो मिनट रुकी रही गाड़ी
Auraiya News: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बैसोली गांव के सामने जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 45 वर्षीय कैंसर पीड़ित युवक की कटकर मौके पर ही मौत हो गई। वह पिछले काफी समय से सैफई अस्पताल में कैंसर का इलाज करा रहा था।
विस्तार
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बैसोली गांव के सामने बुधवार दोपहर जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की पहचान बैसोली अड्डा निवासी दिनेश पुत्र जगनू के रूप में हुई। बुधवार दोपहर करीब 12:10 बजे दिनेश खंभा नंबर 1117/20 के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था।
इसी दौरान डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को क्रॉसिंग के बीच रोक दिया और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब दो मिनट में ट्रेन को रवाना कर दिया गया। मौके पर पहुंचे आरपीएफ कांस्टेबल ने गैंगमैन की मदद से ट्रैक को साफ कराया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना पर फफूंद जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी प्रभारी रामप्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि दिनेश कैंसर से पीड़ित था और काफी समय से सैफई अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उसकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। मृतक के परिवार में चार बेटियां और 13 वर्षीय बेटा रोहित है। एक बेटी की शादी अभी नहीं हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।