कानपुर में फिर ट्रेन डीरेल करने का प्रयास: ट्रैक पर रखा था सिलेंडर, लोको पायलट व सहायक की सर्तकता से टला हादसा
Kanpur News: प्रेमपुर स्टेशन के पास ट्रैक पर सिलेंडर रखकर ट्रेन को पलटाने का प्रयास किया गया है। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सतर्कता से संभावित दुर्घटना बच गई है।
विस्तार
प्रेमपुर स्टेशन के आउटर पर जिस जगह गैस सिलिंडर रखा हुआ था, वहीं पर सेंट्रल स्टेशन से सूबेदारगंज के लिए जा रही जम्मू-कटड़ा मेल दुर्घटनाग्रस्त होने से बची। ट्रेन की एक बोगी के पहिये के शॉकर का नट-बोल्ट खुल गया था। इसकी वजह से बोगी में उछाल आ रहा था। ट्रैक पर सिलिंडर होने की वजह से सिग्नल न मिल पाने से ट्रेन खड़ी हो गई थी। इस बीच प्वाइंटमैन की नजर शॉकर पर पड़ी।
उन्होंने तुरंत रेलवे के अधिकारियों को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद नट-बोल्ट सही कर ट्रेन रवाना हुई। कटड़ा स्टेशन से सूबेदारगंज स्टेशन जाने वाली ट्रेन रविवार को सेंट्रल स्टेशन से रवाना हुई। प्रेमपुर स्टेशन पर सिग्नल लाल हो गया, जिसकी वजह से ट्रेन को आउटर मेन लाइन पर रोकना पड़ा। यह ट्रेन ठीक एलपीजी सिलिंडर रखने वाली प्रेमपुर स्टेशन की लूप लाइन के बगल की मेन लाइन पर खड़ी थी। आरपीएफ, जीआरपी, पुलिस के साथ ही रेलवे के अधिकारी घटना की जांच कर रहे थे।
अचानक प्वाइंटमैन कमलेश कुमार को एक बोगी के पहिये के शॉकर का नट-बोल्ट खुला नजर आया। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी। इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस बीच पीछे से वंदेभारत एक्सप्रेस भी आ रही थी। उसको पास कराने के लिए जम्मू मेल को पीछे कराया गया। जम्मू मेल करीब 10:40 से 11:20 तक रुकी रही। आरपीएफ के इंस्पेक्टर बुद्धपाल सिंह ने बताया कि जम्मू मेल की एक बोगी के पहिया के शॉकर का नट निकल गया था, जिसकी वजह से बोगी में उछाल आ रहा था। नट सही कराकर ट्रेन को रवाना किया गया।