Akhilesh Dubey: दीनू और अवनीश से खंगाला जा रहा है कनेक्शन, पुलिस संपत्ति के मामलों में जल्द कर सकती है जांच
Kanpur News: वकील अखिलेश दुबे के तार पिंटू सेंगर हत्याकांड के आरोपी दीनू उपाध्याय और जमीन कब्जाने वाले अवनीश दीक्षित गैंग से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस इन सभी के बीच के संबंधों की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में अधिवक्ता अखिलेश दुबे और फरार साथियों का दीनू उपाध्याय और अवनीश दीक्षित गिरोह के सदस्यों के बीच कनेक्शन खंगाला जा रहा है। पुलिस शिकायतों की जांच में जुट गई है। दोनों गिरोह के कुछ सदस्यों का अधिवक्ता के यहां आना जाना था।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पिंटू सेंगर की हत्या में सोनभद्र जेल में बंद अधिवक्ता दीनू उपाध्याय व उसके साथी, नजूल की भूमि पर कब्जा करने, धमकी, मारपीट करने के आरोपी अवनीश दीक्षित व उसके गैंग के सदस्य अक्सर अखिलेश दुबे के यहां जाया करते थे। इन लोगों के खिलाफ शहर के कई थानों में रंगदारी मांगने, मारपीट करने, कब्जा करने, धमकी, कूटरचित दस्तावेज बनाने की रिपोर्ट दर्ज है।
भूमाफिया से भी जुड़े हो सकते हैं तार
यह संगठित तरीके से अपराध करते हैं, जबकि भाजपा नेता और होटल कारोबारी की ओर से कराई गई एफआईआर में भी आरोपियों ने गिरोह बनाकर घटना को अंजाम दिया है। सभी के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। अखिलेश दुबे और उसके साथियों के तार भूमाफिया से भी जुड़े हो सकते हैं। कुछ शिकायतें थाना स्तर पर आई हैं, जबकि एसआईटी अलग विवेचना कर रही हैं।