{"_id":"6af3605ddaa6719ed10743ab","slug":"kanpur-second-death-attributed-to-dengue-woman-tests-positive-following-report-four-new-cases-detected-2026-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: डेंगू से दूसरी मौत का दावा, रिपोर्ट आने के बाद महिला पॉजिटिव मिली, चार नए मामले मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: डेंगू से दूसरी मौत का दावा, रिपोर्ट आने के बाद महिला पॉजिटिव मिली, चार नए मामले मिले
Tue, 10 Nov 2026 11:59 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Tue, 10 Nov 2026 11:59 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : amarujala
कानपुर में डेंगू का संक्रमण बढ़ रहा है। 14 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद अब मेडिकल कॉलेज परिसर निवासी 45 वर्षीय महिला की मौत के बाद आई जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। महिला का पति भी डेंगू पॉजिटिव है और प्लेटलेट्स घटकर 40 हजार तक पहुंचने पर उसे कार्डियोलॉजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
महिला को दस्त की शिकायत पर बीते बुधवार को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था। डॉ. प्रियदर्शी ने बताया कि महिला को हाइपरटेंशन के अलावा मोटापा, मधुमेह और गठिया की समस्या भी थी। शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह घर जाने की जिद करने लगी और अस्पताल से चली गई। घर पहुंचने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे कार्डियोलॉजी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर के मुताबिक, डेंगू जांच के लिए सैंपल भेजा गया था, लेकिन मौत के समय तक रिपोर्ट नहीं आई थी।
विज्ञापन
महिला का पति कार्डियोलॉजी में कर्मचारी है। उसकी तबीयत भी बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि महिला की मौत के मामले की जांच कराई जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि हैलट में भर्ती होने से पहले महिला ने किसी झोलाछाप से भी इलाज कराया था।
विज्ञापन
चार नए मामले मिले
दीपावली के बाद शहर में डेंगू के चार नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें रतनलाल नगर (वार्ड-34) का 45 वर्षीय व्यक्ति, चौबेपुर के घाघपुर गांव का 37 वर्षीय युवक और मेडिकल कॉलेज परिसर के दो मरीज शामिल हैं। इनमें 45 वर्षीय महिला और 48 वर्षीय व्यक्ति हैं। सभी के सैंपल छह और सात नवंबर को लिए गए थे। बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा सर्वे, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज कर दिए गए हैं।