Hamirpur: एके-47 गैंग का बरात पर हमला, कई गाड़ियों के शीशे तोड़े…महिलाओं से की अभद्रता, दूल्हे के नाना-मामा घायल
Hamirpur News: हमलावरों ने बरात की कई गाड़ियों के शीशे आदि तोड़ दिए। हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। लोगों ने डायल 112 को जानकारी दी, लेकिन पुलिस के आने के पहले हमलावर मौके से भाग निकले। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह कस्बे के एके-47 गैंग से जुड़े युवक थे।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर कस्बे के धर्मेश्वर बाबा मोहाल में आई बारात में एके-47 गैंग के हथियारबंद छह-सात युवकों ने हमला बोलकर जमकर तांडव मचाया। इससे दूल्हे के नाना लल्लू व मामा रामऔतार घायल हो गए और कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के पहले हमलावर मौके से भाग निकले। कन्या पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है।
कस्बे के धर्मेश्वर बाबा निवासी नवलकिशोर उर्फ पप्पू वर्मा की बेटी शिखा की बरात कुरारा थानाक्षेत्र के खरौंज गांव निवासी दूल्हा सागर वर्मा लेकर आए थे। बरात पहुंचने पर कन्या पक्ष के लोग उन्हें नाश्ता आदि कराने के बाद जब वापस चले गए। तभी 6-7 हथियारबंद युवक बरात पर हमला बोल कर जमकर तांडव मचाया। इससे दूल्हे के नाना लल्लू (61) व मामा रामऔतार (48) घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- एके-47 गैंग से जुड़े युवक थे
साथ ही, हमलावरों ने बरात की कई गाड़ियों के शीशे आदि तोड़ दिए। हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। नवलकिशोर ने बताया कि की 6-7 लोग हथियार बंद भाला, रॉड व तमंचा आदि लेकर आए थे और अकारण ही बरातियों पर टूट पड़े। इससे बराती घायल हो गए और कई गाड़ियां के शीशे चकनाचूर हो गए। बताया कि डायल 112 को जानकारी दी, लेकिन पुलिस के आने के पहले हमलावर मौके से भाग निकले। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह कस्बे के एके-47 गैंग से जुड़े युवक थे।