Agriculture Courses: देशभर के कृषि विवि में अब एक सिलेबस, छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में होगी आसानी
सीएसए समेत अन्य कृषि विश्वविद्यालयों में आईसीएआर की छठवीं डीन कमेटी का कोर्स लागू होगा। इस सिलेबस में कोर्स के साथ चलने वाले सपोर्टिंग विषयों को भी बढ़ाया गया है। अभी पीजी और शोध छात्रों को ही यह सिलेबस पढ़ाया जाएगा।
विस्तार
कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में नए सत्र से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की छठवीं डीन कमेटी द्वारा स्वीकृत सिलेबस लागू होगा। फिलहाल पीजी और शोध छात्रों के लिए लागू किया जाएगा। साथ ही, यह पाठ्यक्रम देश के सभी 71 कृषि विवि में लागू होगा।
अभी तक देश भर के कृषि विवि में अलग-अलग सिलेबस पढ़ाए जाते हैं। राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में इन सभी सिलेबस को मिलाकर सवाल पूछे जाते हैं। इससे छात्र परेशान थे। इस पाठ्यक्रम के लागू होने के बाद कृषि छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में आसानी होगी।
इस सिलेबस में कोर्स के साथ चलने वाले सपोर्टिंग विषयों को भी बढ़ाया गया है। रजिस्ट्रार प्रो. सीएल मौर्य ने बताया कि प्रदेश की जलवायु के अनुसार कोर्स में 15 प्रतिशत बदलाव करने का अधिकार विवि के पास है।
बीएससी एजी में जुड़ेगा वैल्यू एडेड कोर्स
रजिस्ट्रार ने बताया कि नए सत्र से बीएससी एजी के छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ डेवलपमेंट ऑफ एंटरप्रेन्योरियल स्किल फॉर सर्वेइंद एंड लेबलिंह, मशरूम कल्टीवेशन, हनी प्रोडक्शन और प्रोटेक्टेट कल्टीवेशन को पढ़ाया जाएगा। यह वैल्यू एडेड कोर्स हैं, इनका समय 30 घंटे का है। छात्र रुचि के अनुसार कोर्स का चयन कर सकते हैं। इस कोर्सों को पढ़ाने का उद्देश्य छात्रों को एग्री प्रोफेशनल बनाना है।
नए सत्र से दो सर्टिफिकेट कोर्स, 10वीं पास को मिलेगा दाखिला
सीएसए में नए सत्र से पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी इन हार्टिकल्चर क्रॉप और प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन कोर्स शुरू किया जा रहा है। इनमें 10वीं पास युवाओं को दाखिला दिया जाएगा। यह कोर्स छह महीने का होगा। फीस का निर्धारण किया जा रहा है।