Auraiya: युवक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, सड़क पर खेल रही थी मासूम, पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा
Auraiya News: सदर कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही मासूम से युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता मासूम को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है।
विस्तार
औरैया जिले में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मासूम को डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इटावा रोड स्थित एक गांव निवासी पिता ने बताया कि उसकी छह वर्षीय बालिका सड़क पर खेल रही थी। दोपहर 12 बजे वह लापता हो गई।
खोजबीन के दौरान दो बजे एक युवक बालिका को घर के पास छोड़कर भाग निकला। उसे भागते हुए मासूम की मां ने देखा। बालिका के पैरों में खून देख दुष्कर्म की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मासूम के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की है। देर शाम तक भागने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मासूम को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है।
पीड़ित की शिकायत पर नाबालिग काे डॉक्टरी परीक्षण को भेजा गया है। घटना के खुलासे को तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अभिजीत आर शंकर, एसपी, औरैया