Mahoba: ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, यात्री बोले- टीटी व जीआरपी सिपाही ने दिया धक्का, जांच में जुटी पुलिस
Mahoba News: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिकट चेकिंग के दौरान टीटी और जीआरपी सिपाही से विवाद हो गया। हाथापाई के दौरान धक्का देने से युवक चलती ट्रेन से गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
महोबा जिले में झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। बोगी में सवार यात्रियों ने टीटी व जीआरपी सिपाही पर धक्का देने का आरोप लगाया। इस दौरान ट्रेन रुकने पर यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा करते हुए सिपाही से धक्का-मुक्की हुई। पुलिस प्रशासन मामले की जांच की बात कह रहा है।
महोबा के घुटई व बेलाताल स्टेशन के बीच एक युवक सामान्य टिकट पर स्लीपर कोच में यात्रा कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिकट चेकिंग के दौरान टीटी और जीआरपी सिपाही से विवाद हो गया। हाथापाई के दौरान धक्का देने से युवक चलती ट्रेन से गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद यात्रियों ने हंगामा करते हुए सिपाही को पकड़ लिया और धक्का-मुक्की की।
सिपाही पर धक्का देने का आरोप
स्थिति को देखते हुए सिपाही मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें यात्री सिपाही पर धक्का देने का आरोप लगाकर भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।