Auraiya: युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान, बीमारी से तंग आकर उठाया कदम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Auraiya News: अछल्दा कस्बे में बीमारी से तंग आकर युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
औरैया जिले के अछल्दा कस्बे में बीमारी से तंग एरवाकटरा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने अछल्दा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन आते देख पटरी पर सिर रख दिया। जब तक लोकोपायलट ब्रेक लगा पाता। ट्रेन युवक की गर्दन के ऊपर से गुजर गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था l
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के अप रेलवे लाइन पर वैसोली गांव के पास खम्बा नंबार 1117/19 के नजदीक गुरुवार की सुबह करीब पौने नौ बजे 12948 अजीमाबाद एक्सप्रेस ट्रेन से एरवाकटरा थाना क्षेत्र निवासी कपिल पाल ( 25) पुत्र मिथलेश पाल ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची आरपीएफ पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, जिससे मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला।
इसमें युवक ने मरने से पहले आत्महत्या का कारण बीमारी होने का जिक्र किया है। साथ ही, पिता व जीजा का मोबाइल नंबर भी लिखा था। इस पर पुलिस ने प्रतीक के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक सुबह आठ बजे घर से निकल आया था। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो खोजबीन की जा रही थी। तभी पुलिस की ओर से मिली सूचना के बाद सभी लोग घटनास्थल पर आ गए।
10 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
उधर, घटना के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर को युवक की मौत की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ कांस्टेबल राम निवास ने शव को हटवाकर रेलवे ट्रेक क्लियर करवाया। इस दौरान अजीमाबाद एक्सप्रेस 10 मिनट तक आउटर पर खड़ी रही। जीआरपी उपनिरीक्षक इंतयाज अहमद एवं पवनेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।