UP: जन्मदिन पार्टी में बुलाकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, नशीला पदार्थ खिलाकर किया कुकृत्य, चार पर रिपोर्ट
Mahoba Crime: कोतवाली प्रभारी गणेश कुमार गुप्ता का कहना है कि मामले में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
विस्तार
महोबा जिले में चरखारी कस्बे के एक मोहल्ले में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ है। आरोपियों ने पीड़िता को जन्मदिन पार्टी में बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाने के बाद कुकृत्य को अंजाम दिया। आरोपियों ने किशोरी का अश्लील वीडियो भी बनाया और शिकायत करने पर वायरल करने की धमकी देते रहे।
दो दिन पहले आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर कोतवाली चरखारी में चार लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक मोहल्ला निवासी अनुसूचित जाति की 16 वर्षीय किशोरी चार माह पहले खेत से घर लौट रही थी।
तभी पन्ना सोनी उसे जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बात कहकर एक फर्नीचर की दुकान में ले गया। किशोरी का आरोप है कि दुकान में पहले से तीन लोग मौजूद थे। यहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद चारों ने दुष्कर्म किया और घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो
होश में आने पर किशोरी ने घर पहुंच पूरी घटना बताई। तब पीड़ित परिवार ने आरोपियों के घर पहुंच शिकायत की, तो उन्होंने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बेटी की बदनामी के डर से परिजन इस बात को छिपाए रहे। दो दिन पहले आरोपियों ने किशोरी का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
परिजनों को जानकारी होने पर उन्होंने पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने अली हसन उर्फ बाबू, कल्लू, पन्ना सोनी और प्रिंस तिवारी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, गाली-गलौज, पॉस्को अधिनियम, एससीएसटी एक्ट व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।