Hamirpur: छात्रा के घर शोहदे ने चार साथियों संग की फायरिंग, तमंचा छोड़ भागे…स्कूल न आने की दी धमकी, जांच शुरू
Hamirpur News: राठ कस्बे में छात्रा के घर पहुंच शोहदे ने चार साथियों संग फायरिंग की। साथ ही, स्कूल न आने की धमकी भी दी। इसके बाद तमंचा छोड़कर मौके से भाग गए।
विस्तार
हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में घर में घुसे पांच युवकों ने स्नातक की छात्रा से गाली गलौज करते हुए हवाई फायरिंग कर दी। छात्रा व परिजन भिड़ गए तो वह तमंचा छोड़कर भाग खड़े हुए। मां के साथ तमंचा लेकर थाने पहुंची छात्रा ने तहरीर दी है। आरोपी युवक ने युवती को कॉलेज आने पर देख लेने की धमकी दी है। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
इसमें मोबाइल डाटा रीसेट करने और फोटो डिलीट करने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि अमर उजाला वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती ने बताया कि वह एक महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। करीब एक माह से कॉलेज आते जाते समय एक युवक रास्ते में उन्हें परेशान करता है। आरोपी उनकी फोटो वायरल करने की धमकी देता है।
आरोपी तमंचा मौके पर छोड़ कर भागे
कॉलेज आने पर देख लेने की धमकी दे रहा है। बताया बृहस्पतिवार की रात परिजनों सहित घर में थी। करीब नौ बजे आरोपी युवक व उसके चार साथी कार से आए। छात्रा ने आरोप लगाया कि दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायर कर दिया। इस पर युवती और उसकी मां आरोपियों से भिड़ गईं। शोर सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी तमंचा मौके पर छोड़ कर भाग गए। शुक्रवार सुबह मां के साथ कोतवाली पहुंची युवती ने तमंचा पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि तहरीर मिली है। उनका कहना है कि फायरिंग की बात सही नहीं है।