Kannauj: छह माह पहले प्रेम विवाह करने वाली युवती की मौत, पति बोला- कई दिनों से खराब थी तबीयत, जांच शुरू
Kannauj News: मृतका के पति का कहना है कि कि पत्नी की कई दिनों से तबीयत खराब थी। मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां पर पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
विस्तार
कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में छह माह पहले प्रेम-विवाह करने वाली युवती की मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
ठठिया क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी कपिल ने छह माह पहले अलीपुर गांव निवासी संतोषी (26) के साथ प्रेम विवाह किया था। मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में संतोषी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही विवाहिता के परिजन मौके पर पहुंच गए और ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पति कपिल का कहना है कि पत्नी की कई दिनों से तबीयत खराब थी। मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां पर पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।