Kanpur: बताशों के पैकेट में निकली मरी हुई छिपकली, दुकानदार और ग्राहक के बीच जमकर हंगामा, पढ़ें पूरा मामला
Kanpur News: मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सैंपल लिए गए हैं। कढ़ाई में रहे तेल और बताशों को नष्ट करा दिया गया है।
विस्तार
कानपुर में जूही थाना क्षेत्र के एक मॉल के नजदीक स्थित दुकान में बताशों के पैकेट में मरी हुई छिपकली मिलने के आरोप में दुकानदार और ग्राहक के बीच जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया।
इस बीच किसी ने जिलाधिकारी कार्यालय में फोन कर दिया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताशों को नष्ट कराकर अन्य का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। पतारा निवासी माला कुरील ने बताया कि वह जूही बारादेवी में रहने वाली बहन के घर गई थीं।
शनिवार को बाबाकुटी स्थित साउथ एक्स माल के बगल की एक महिला की दुकान पर पानी वाले बताशे लेने गई थीं। महिला ने पॉलीथीन में बताशे पैक कर दिए। वह घर पहुंची और उसे खोला, तो मरी हुई छिपकली भी निकली। माला का आरोप है कि शिकायत करने पर महिला ने अभद्रता की।
तेल और बताशों को नष्ट किया गया
साथ ही, दुकानदार ने उस पर ही मरी छिपकली पॉलीथीन डालकर लाने की बात कह दी। उन्होंने अपने गोविंद नगर निवासी परिचित तुषार शुक्ला को बुला लिया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सैंपल लिए गए हैं। कढ़ाई में रहे तेल और बताशों को नष्ट करा दिया गया है।