Kanpur: बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ रहीं थीं 266 स्कूली-सवारी बसें, आरटीओ ने की कार्रवाई...पंजीकरण निलंबित
Kanpur News: शहर में लंबे समय तक फिटनेस न कराने पर आरटीओ के अधिकारियों ने स्कूली और सवारी बसों पर कार्रवाई की है। इसके तहत 266 बसों का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है।
विस्तार
कानपुर में बिना फिटनेस कराए शहर की सड़कों पर फर्राटा भर रहीं 266 स्कूली व सवारी बसों का पंजीकरण संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के अधिकारियों ने निलंबित कर दिया है। आरटीओ ने यह कार्रवाई लंबे समय से फिटनेस न कराने पर की है। इनमें 46 स्कूली और 220 सवारी व स्लीपर बसें हैं। इन वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द फिटनेस कराने अन्यथा भारी जुर्माना, जब्तीकरण और पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
आरटीओ में करीब पांच हजार सवारी और स्लीपर बसें पंजीकृत हैं, जबकि विभिन्न स्कूलों की लगभग 400 बसें चल रही हैं। इन बसों को नियमित तौर पर हर साल फिटनेस जांच करानी होती है। हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में वाहनों ने निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद फिटनेस की जांच नहीं कराई। आरटीओ प्रशासन राकेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को समीक्षा की जिसमें 266 बसें बिना फिटनेस के संचालित होते मिलीं। इसी के बाद अब उनके पंजीकरण नंबर निलंबित कर दिए गए हैं।
15 स्कूली बसों की हालत बेहद खराब
परिवहन अधिकारियों ने फिटनेस न कराने वाले स्कूलों के वाहनों को मौके पर जाकर देखा तो 46 में से 15 की हालत बेहद खराब मिली। उनके अधिकारियों ने बसें संचालित न होने की बात कही, जिस पर उन स्कूली बसों को स्क्रैप कराने का निर्देश दिया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर फिटनेस जरूरी
सड़क सुरक्षा और स्कूली छात्रों को सुरक्षित तरीके से स्कूल पहुंचाने व घर छोड़ने के लिए फिटनेस जांच आवश्यक है। परिवहन अधिकारी बसों को 26 बिंदुओं पर देखते हैं, जिसमें बसों के टायर की स्थिति, इंजन की गुणवत्ता, खिड़कियों पर पर्याप्त सुरक्षा, रेट्रो टेप, सीटों की स्थिति आदि शामिल हैं। चालक के लाइसेंस को भी देखा जाता है।
आज लगेगा फिटनेस शिविर
आरटीओ में रविवार को स्कूली और यात्री बसों की फिटनेस जांच के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। स्कूल संचालकों और प्राचार्यों को इसकी जानकारी दी गई है।
फिटनेस न कराने पर 266 बसों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इनमें कई स्कूली बसें भी शामिल हैं। रविवार को आरटीओ में कैंप लगाया जा रहा है। इसके बाद भी फिटनेस न कराने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -आलोक कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन कानपुर