Jalaun: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, गैंगस्टर-डकैती समेत दर्ज हैं कई मामले, साथी हुआ फरार
Jalaun News: मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। इसमें पुलिस की गोली लगने से इनामी बदमाश घायल हो गया। वहीं, उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
विस्तार
जालौन जिले के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एसओजी, सर्विलांस व थाना पुलिस की टीम ने मंगलवार की रात करीब नौ बजे 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस टीम ने मुठभेड़ में घायल कर हिरासत में लेते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह मुठभेड़ क्षेत्र के ऐरी रमपुरा मार्ग पर हुई, जिसमें जनपद फतेहपुर में गैंगस्टर, डकैती एवं आर्म्स एक्ट सहित तीन व जालौन में एक मामले में वांछित आरोपी को दबोच लिया गया। आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में बिना नंबर की बाइक लिए घूम रहा था।
पुलिस ने जब फतेहपुर के भौनापुर थाना किशनपुर निवासी छेदी निषाद उर्फ जगराज को रोकने का प्रयास किया, तो उक्त लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी गिरजा शंकर त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए।
लूट, डकैती समेत कई मामले हैं दर्ज
उन्होंने बताया कि उक्त बदमाश छेदी के खिलाफ लूट, डकैती एवं गैंगस्टर एक्ट के मामलों में साल 2016, 17 में फतेहपुर में तथा एक मामला जालौन जिले के डकोर में सरकारी माल लूटने का मामला वर्ष 2022 में पंजीकृत किया गया था।
एक बदमाश मौके से फरार, तलाश जारी
उस पर इसके ऊपर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में छेदी के एक पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई पहुंचाया। वहीं, एक साथी मौके से भाग गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस ने ये सामान किया बरामद
इस दौरान डकोर इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार, समेत एसओजी व सर्वेलांस टीम से रवि भदोरिया, अंकुश, विपिल, विकास कुमार आदि मौजूद रहे। पुलिस को उसके पास से एक 315 बोर तमंचा, 2650 रुपए, कारतूस व एक चोरी की बिना नंबर की बाइक बरामद की है।