ऑनर किलिंग: 18 साल पहले प्रेमी-प्रेमिका को बंधक बनाकर मारा, चाचा और दो मामा सहित पांच को आजीवन कारावास
Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में 18 साल पहले प्रेमी-प्रेमिका की बंधक बना हत्या की गई थी। मामले में अदालत ने प्रेमिका के चाचा व दो मामा सहित पांच को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक आरोपी पर 26 हजार का अर्थदंड भी लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली के अकौना गांव में हुए ऑनर किलिंग के 18 साल पुराने मामले में जनपद न्यायाधीश विष्णु कुमार शर्मा ने फैसला सुनाया है। अदालत ने मृतका के चाचा व दो मामा सहित पांच दोषियों को उम्रकैद सुनाई है। साथ ही, प्रत्येक पर 26 हजार का जुर्माना लगाया है।
जुर्माना अदा न करने पर प्रत्येक को अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। प्रेमी प्रेमिका के परिजनों को कंकाल मिले थे। जिनके कपड़ों से शिनाख्त की गई थी। जिला शासकीय अधिवक्ता राजेश शुक्ला ने बताया कि राठ थानाक्षेत्र के अकौना गांव निवासी अरविंद व उसकी प्रेमिका विनीता की हत्या कर दी गई।
इस पर प्रेमिका के पिता व प्रेमी के भाई ने कोतवाली में तहरीर दे मुकदमा दर्ज कराया। प्रेमी के भाई महेंद्र लोधी ने आठ नवंबर 2005 को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई अरविंद व गांव निवासी देशराज की पुत्री विनीता का आपस में कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
कुल्हाड़ी व डंडे लेकर पहुंचे थे आरोपी
30 अक्तूबर 2005 को दोनों मौका पाकर घर से भाग गए। 31 अक्तूबर की सुबह लड़की पक्ष की ओर से भारत लोधी, भीखम, जवाहर, दयाराम व टीकम असलहे, कुल्हाड़ी व डंडे लिए उसके दरवाजे आए। उसके पास मौजूद उसके भाई के दोस्त पीयूष सोनी से दोनों का पता पूछते हुए धमकाकर अपने साथ ले गए।
नहर की पटरी पर दो नर कंकाल मिले थे
एक नवंबर 2005 को सुबह मुस्करा बस स्टैंड पर बोलेरो गाड़ी में उसके भाई अरविंद व विनीता सहित उक्त सभी लोगों को उसके रिश्तेदारों ने देखा। वह लगातार भाई की तलाश में जुटा रहा। सात नवंबर 2005 को उसे जानकारी मिली कि कंधौली गांव के पास नहर की पटरी पर दो नर कंकाल मिले हैं।
सभी पांचों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई
कपड़े देख उसने अपने भाई की शिनाख्त की। मामले में पुलिस ने सात लोगों अकौना निवासी सगे भाईयों भारत व टीकम, जगदीश चमार, युवती के चाचा दयाराम लोधी, पियूष सोनी व कंधौली निवासी युवती के मामा सोहन लोधी व धस्सू लोधी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। इसमें पुलिस ने पीयूष सोनी को विवेचना में बाहर कर दिया, जबकि जगदीश चमार की मौत हो गई। अदालत ने सभी पांचों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।