Kannauj: 14 साल पहले हुआ था स्कूल में गबन, गवाही के लिए अब मिला नोटिस, 17 अप्रैल को होना है हाजिर
Kannauj News: तालग्राम ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गदोरा का मामला है। इसमें बीईओ ने छात्रवृत्ति और स्टोर सामग्री धनराशि गबन की 2009 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में 14 साल बाद गवाही के लिए अब नोटिस मिला है।
विस्तार
कन्नौज जिले के तालग्राम कोतवाली क्षेत्र में हेडटीचर पर परिषदीय विद्यालय के स्टोर सामग्री और बच्चों की छात्रवृति की धनराशि के गबन करने का आरोप लगा था। मामले में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने वर्ष 2009 रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
न्यायालय में विचाराधीन केस में गवाही के लिए स्कूल के दूसरे शिक्षक को 14 साल बाद नोटिस मिला है। तालग्राम ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय गदोरा के प्रधानाध्यापक प्रेमचंद्र राजपूत पर बच्चों की छात्रवृत्ति और स्टोर सामग्री के करीब एक लाख रुपए विद्यालय खाते को एकल करा कर निकल लिए थे।
शिकायत पर गबन धनराशि की जांच कराई गई थी। बीएसए के आदेश पर बीईओ ने वर्ष 2009 में इंचार्ज हेडटीचर प्रेमचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गबन में फंसे शिक्षक ने विद्यालय खाते से निकाली धनराशि को अपने बचाव के लिए वापस खाते में जमा कर दिए थे।
शिक्षक के खिलाफ पेश किया था आरोप पत्र
पुलिस ने जांच के बाद शिक्षक के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय पेश किया था। तभी से मामला विचाराधीन है। प्राथमिक विद्यालय गदोरा के तत्कालीन सहायक शिक्षक कोतवाली गुरसहायगंज मझपुर्वा निवासी नूरुलहसन को न्यायालय में गवाही के लिए नोटिस भेजा गया है।
17 अप्रैल को न्यायालय हाजिर होना है
जबकि शिक्षामित्र तेजसिंह को भी पुलिस ने जांच में गवाह बनाया था। शिक्षक नूरुलहसन ने बताया कि न्यायलय से नोटिस मिला है और गवाही के लिए 17 अप्रैल को न्यायालय हाजिर होना है। अब 14 साल बाद नोटिस मिला है। साथ ही, देखना होगा कि मामले में क्या फैसला सुनाया जाता है।