कन्नौज सिपाही हत्याकांड: हिस्ट्रीशीटर के घर से हुई थी फायरिंग, बचते दिखे पुलिसकर्मी; वीडियो आया सामने
धरनीधीरपुर गांव में मुनुआ के घर पर पुलिस पर हमले का एक वीडिया वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिसकर्मी फायरिंग से बचते दिखे। 25 दिसंबर की रात विशुनगढ़ थान के धरनीधीरपुर नगरिया गांव में पुलिस पर हमला हुआ था। हिस्ट्रीशीटर के हमले में पुलिस के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विशुनगढ़ थाना के धरनीधीरपुर गांव में पिछले महीने 25 दिसंबर को पुलिस पर हमले के 12 दिन बाद उसी घटना से जुड़े अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसमें जो कुछ दिख रहा है, वह हैरान करने वाला है। इसमें न सिर्फ उस दिन हुई वारदात की हकीकत दिख रही है, बल्कि पुलिस की ओर से बरती गई लापरवाही भी सामने आ रही है।
हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कुछ भी अधिकारिक तौर पर कहने से इंकार किया है। एसपी का कहना है कि वीडियो की जानकारी सामने आई है, लेकिन उसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।
दरअसल धरनीधीरपुर गांव में 25 दिसंबर की शाम विशुनगढ़ थाना की पुलिस टीम वहां रहने वाला हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआ के घर पर कोर्ट से जारी वारंट तामील कराने गई थी। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस पर बंदूक से हमला कर दिया था। इसमें विशुनगढ़ थाना का एक सिपाही सचिन राठी जख्मी हो गया था।
कानपुर में इलाज के दौरान कुछ ही घंटों के बाद उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर उसकी पत्नी और नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार किया था। पति-पत्नी जेल में हैं, जबकि नाबालिग पुत्र को फर्रुखाबाद के बाल सुधार गृह भेजा गया है।
एक दिन पहले ही गुरुवार को पुलिस और प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर के मकान को जेसीबी और पोकलैंड मशीन की मदद से जमींदोज कर दिया था। उसके बाद अब जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसने सनसनी फैला रखी है। उसमें हिस्ट्रीशीटर के घर की छत से कोई बंदूक से फायरिंग करता दिख रहा है, जबकि दरवाजे पर दो बाइक पर कुछ पुलिसकर्मी दिख रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
इस बारे में एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। उसे बहुत दूर से बनाया गया है। कुछ भी स्पष्ट नहीं दिख रहा है, इसलिए इस बारे में पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।
वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स
दो अलग-अलग वायरल वीडियो में से एक में एक कम उम्र का किशोर हाथ में बंदूक थामे और फायरिंग करते हुए दिख रहा है। चर्चा है कि यह हिस्ट्रीशीटर का नाबालिग पुत्र है। मकान के नीचे गेट पर दो बाइक और कुछ पुलिसकर्मी दिख रहे हैं। इसी बीच फायरिंग की आवाज के बाद एक बाइक पर कुछ पुलिसकर्मी जाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो बनाने वाली जगह पर जुटी भीड़ में से कुछ लोग उसे जख्मी सिपाही बता रहे हैं। उनमें से कोई कह रहा है कि मुनुआ के लड़का ने गोली चला दी।