Kannauj: सपा नेता ने रंजिश में अधिवक्ता को पीटा, मारपीट में तीन भाई घायल...वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
अधिवक्ता और उनके भाइयों के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग हाथों में डंडा लेकर मारपीट करते दिख रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कन्नौज जिले में सपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष और उनके परिजनों ने रंजिश में अधिवक्ता व उसके भाइयों की डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में तीनों भाई घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अधिवक्ता ने सपा नेता पर जिंदा जलाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। दोनों परिवारों के बीच जमीन कब्जे का विवाद चल रहा है। पीड़ित ने सपा नेता समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बालीपीर मोहल्ला निवासी मोहम्मद आदिल खान पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने सपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष कैस खां, बेटा अर्सलाम खान के अलावा शाहिद, अरशद, राशिद व आतिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप लगाया है कि गुरुवार को सपा नेता व पुत्र उसके घर के अंदर घुस आए और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर सपा नेता व उनके परिजनों ने मारपीट शुरू कर दी। कहा कि उसको व भाई वसिफ और आसिफ को भी डंडों से पीटा। मारपीट में तीनों को गंभीर चोट आई।
आरोप लगाया है कि बहन के साथ मारपीट कर आगजनी करने का भी प्रयास किया। कानूनी कार्रवाई करने पर जिंदा जलाने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष से भी तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
तेजी से वायरल हुआ घटना का वीडियो
अधिवक्ता और उनके भाइयों के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग हाथों में डंडा लेकर मारपीट करते दिख रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।