कन्नौज। जिला अस्पताल की बिजली गुल होने के बाद जनरेटर नहीं चलाया गया, इससे मरीज गर्मी में बेहाल हो गए। तीमारदारों ने हाथ पंखे से मरीजों को राहत देने की कोशिश की। इसी बीच सीएमएस निरीक्षण करने पहुंच गए, उन्होंने जनरेटर न चलवाने पर नर्सों को फटकार लगाई और तुरंत जनरेटर चलवाने को कहा। मरीजों ने बिजली जाने पर जनरेटर न चलवाने की शिकायत की।
जिला अस्पताल की बिजली अक्सर गायब हो जाती है। गर्मी के मौसम में अस्पताल की बिजली गुल होने से मरीजों के सामने दिक्कत होती है। अस्पताल के वार्ड में इनवर्टर न लगा होने से मरीजों को जब तक बिजली नहीं आती तब तक अधेरे में रात बितानी पड़ती है। गर्मी में सभी पंखे भी बंद हो जाते है इससे मच्छर भी मरीजों को परेशान करते हैं। स्टाफ नर्स के कक्ष में इनवर्टर लगा होने से हल्की रोशनी मरीजों तक पहुंचती रहती है जिससे वह किसी तरह उसी रोशनी के सहारे बाथरूम तक पहुंच पाते हैं। शुक्रवार को दोपहर के समय दो घंटे जिला अस्पताल की बिजली गुल हो गई। मरीज गर्मी से परेशान होने लगे। अधिक तर मरीजों के तीमारदारों ने अंगौछा तो किसी ने हाथ के पंखे से मरीज पर हवा की। इसी बीच निरीक्षण पर निकले सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने जब वार्ड में बिजली न होने से परेशान मरीजों को देखा, खुद भी परेशान हुए तो स्टाफ नर्सो को फटकार लगाई। कहा कि फोन कर जनरेटर चलवा लिया करो। इस कार्य में लापरवाही आगे से नहीं होनी चाहिए।