कन्नौज: जंगल में प्रेमी युगल को पीटकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पांच के खिलाफ केस दर्ज, तीन गिरफ्तार
युवक ने पांच युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि वीडियो बनाने वाले लोगों ने उसे लात घूसों और डंडों से मारा। इसके बाद अश्लील हरकतें करते हुए सभी ने युवती से दुराचार करने की कोशिश भी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नहर किनारे जंगल की झाड़ियों में प्रेमी-युगल को पांच युवकों ने पकड़ लिया। दोनों की डंडों से पिटाई की। वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म का प्रयास भी किया। सोशल साइट पर वायरल हुए वीडियो को देखकर हरकत में आई पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो की तलाश की जा रही है।
वायरल वीडियो 21 फरवरी का इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के उमर्दा इलाके में निकारीपुर्वा के पास नहर किनारे जंगल का बताया जा रहा है। प्रेमी युवक ने पांच युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। मंगलवार को पुलिस ने खुबरियापुर निवासी विशाल, हरेईपुर निवासी आलोक, तिर्वा निवासी वकार उर्फ अमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि वीडियो बनाने वाले लोगों ने उसे लात घूसों और डंडों से मारा। इसके बाद अश्लील हरकतें करते हुए सभी ने युवती से दुराचार करने की कोशिश भी की।
एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार तीन युवकों को जेल भेज दिया गया है। वीडियो में निकारीपुर्वा निवासी नवीन यादव और रिंकू यादव की भी पहचान हुई है। इनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
आरोपियों ने प्रेमी-युगल से की लूटपाट
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि युवकों ने उसकी जेब से करीब 1,500 रुपये लूट लिए। इसके अलावा दोनों के आधार कार्ड व अन्य कागज भी लूट लिए। कार्रवाई करने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अक्सर आरोपी जंगल में प्रेमी-युगलों को मारपीट कर लूटपाट का शिकार बनाते थे।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
थाना पुलिस ने पहले तो मामला दबाने का प्रयास किया, लेकिन जब वीडियो वायरल हुआ तो थाना पुलिस के होश उड़ गए। मानवता को तार-तार करने वाले वीडियो को देखकर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला तूल पकड़ता देखकर पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।