छिबरामऊ। क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सौ शय्या अस्पताल में भर्ती दो और मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं, जिन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। प्रतिदिन एक या दो डेंगू से ग्रसित मरीजों के अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग डेंगू के प्रकोप को सिरे से नकार रहा है।
ग्राम बहबलपुर रोड निवासी भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष उमा शाक्य के 20 वर्षीय पुत्र राजन को पिछले कई दिनो से बुखार, सरदर्द व भूख न लगने के कारण सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने एनएस वन टेस्ट करवाया, जिसमें डेंगू के लक्षणों की पुष्टि हुई। इसी तरह नौगाई निवासी सतेंद्र कुमार पाल पुत्र विजय बहादुर पाल भी पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। जांच में डेंगू के लक्षण मिलने पर चिकित्सकों ने सतेंद्र को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। सौ शय्या अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कई डेंगू के मरीज भर्ती हैं, जिनका पिछले दो तीन दिनों से उपचार किया जा रहा है। प्रतिदिन अस्पताल में दो चार डेंगू से ग्रसित रोगी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में अपना उपचार करवा रहे हैं। स्वास्थ्य महकमा नगर व ग्रामीण अंचलों में फैले डेंगू को सिरे से नकार रहा है। स्वास्थ्य महकमे के सभी मरीज वायरल से पीड़ित हैं।