तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अमोलर के पास अंडरपास पर कई फीट लंबी दरार पड़ने के साथ करीब छह इंच गहरे सुराख हो गए हैं। तेज रफ्तार वाहन दरार से गुजरते ही उछाल लेने से अनियंत्रित हो रहे हैं। इधर, जिम्मेदारों का कहना है कि दरार वाले स्थान पर जल्द मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
एक्सप्रेसवे पर इस दरार और सुराख को कई दिन बीत जाने के बाद भी ठीक करने का काम शुरू नहीं हुआ है। इससे यह दरार बढ़ कर साइड सुरक्षा रेलिंग तक पहुंच गई है। इसी के चलते हादसों का खतरा बढ़ गया है। चालकों का कहना है कि इन दरार के कारण तेज रफ्तार में वाहन उछलने के साथ बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि इफ्कान गश्ती दल को मौके पर भेजा गया, वहां दरार मिली है। अभी कार्यदायी संस्था की देखरेख की जिम्मेदारी है। दरार को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।