{"_id":"5a1b04c84f1c1b4e718b5abe","slug":"three-raiders-shot-young-man","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरेआम तीन हमलावरों ने युवक को मारी गोली","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सरेआम तीन हमलावरों ने युवक को मारी गोली
अमर उजाला ब्यूरो/कन्नौज
Updated Sun, 26 Nov 2017 11:45 PM IST
विज्ञापन
घायल को मेडिकल कालेज ले जाती यूपी 100 पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
नजरापुर (कन्नौज)। एक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पहुंचे तीन हमलावरों ने युवक को गोली मार दी। वारदात के वक्त घायल के साथ उसका भाई भी था। गोली चलते ही हमलावरों को आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ा लिया। तभी गश्त कर रही पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से दो हमलावरों को दबोच लिया। जबकि एक हवाई फायरिंग करते भाग गया। बताया जा रहा है कि तीन माह पहले घायल युवक ने हमलावरों से चोरी की बाइक खरीदी थी। गाड़ी के कागज उपलब्ध न कराने के बाद युवक आरोपियों को बाइक लौटाकर पैसों की मांग कर रहा था। इसी विवाद को लेकर हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र खुशालीपुर्वा निवासी किशन पाल (28) पुत्र रामनरेश दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करता है। तीन माह पूर्व घर आने पर उसने सदर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर पैठ जलालपुर निवासी सूर्य प्रताप पुत्र हरिराम यादव, ब्रजभान यादव पुत्र राम अवतार निवासी मौसमपुर मौरारा मकरंदनगर व पंकज पुत्र शिव सिंह निवासी अहिरनपुर्वा बांगरमऊ, उन्नाव से 20 हजार रुपये में एक बाइक खरीदी थी। दो दिन पूर्व शुक्रवार को किशन पाल घर लौटा था। खरीदी गई बाइक चोरी की होने की आशंका पर रविवार सुबह सूर्य प्रताप के घर पहुंचा और बाइक के कागज मांगे। कागज न देने पर उसने पैसा वापस करने को कहा। इस पर सूर्य प्रताप ने दो बजे तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर स्थित टिढ़ियापुर गांव के सामने पेट्रोल पंप पर कागज देने की बात कही। किशन पाल अपने भाई सोनू के साथ दो बजे पेट्रोल पंप पर पहुंच गया। थोड़ी ही देर में सूर्य प्रताप, पंकज व ब्रजभान एक बाइक से पहुंच गए। कुछ देर बात करने के बाद सूर्य प्रताप ने राम किशन को पांच हजार रुपये देते हुए बाइक वापस करने को कहा, इस पर राम किशन राजी नहीं हुआ और तिर्वा कोतवाली में चोरी की बाइक बेचने की रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। इस पर दोनों के बीच नोकझाेंक होने लगी। इसी दौरान सूर्य प्रताप ने तमंचा निकाल कर किशन पाल के सिर में गोली मार दी। इससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया। गोली चलते ही तीनों हमलावर भागने लगे। जिन्हें सोनू और आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ा लिया। इसी बीच मौके पर गश्त करती हुई पुलिस पहुंच गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से हमलावर पंकज और ब्रजभान को दबोच लिया। जबकि फायरिंग करते हुए सूर्य प्रताप भाग निकला। आननफानन पुलिस ने घायल हालत में किशन पाल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। वहीं घायल राम किशन के भाई सोनू ने उक्त तीनों हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
विज्ञापन
बाइक चोरी का धंधा खुलने के डर से मारी गोली
तिर्वा। चोरी की बाइक लौटाने पर युवक को गोली मारकर घायल करने की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हमलावरों के पास से बरामद हुई बाइक भी चोरी की निकली। गिरफ्त में आए हमलावरों से पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने हमलावरों का बाइक चोरी करने का नेटवर्क गैर जनपदों तक फैला होने की आशंका जाहिर की है। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने पूरे प्रकरण की जांच सर्विलांस और स्वाट टीम को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों ने आशंका व्यक्त की है कि हमलावर बाइकों की चोरी कर सस्ते दामों में बिक्री करते हैं। हिरासत में आए हमलावर ब्रजभाज और पंकज से पुलिस पूछताछ कर रही है। उन्नाव में रहने वाले पंकज कुमार के खिलाफ पुलिस को पहले से बाइक चोरी की घटनाओं में वांछित होने की जानकारी मिली है। जबकि सूर्य प्रताप और ब्रजभान का कोई भी आपराधिक रिकार्ड प्रकाश में नहीं आ सका है। पुलिस हिरासत में पकड़े गए हमलावर ब्रजभान यादव ने बताया कि वह खुद की बनाई गई एक धार्मिक और समाज सेवा समिति का अध्यक्ष है। एसपी हरीश चंदर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
सीसी टीवी में कैद हुई घटना
नजरापुर। पेट्रोल पंप पर हुआ गोलीकांड पेट्रोल पंप पर लगे सीसी टीवी फुटेज में कैद हो गया। इससे तिर्वा कोतवाल अमर बहादुर सिंह ने पेट्रोल पंप पर पहुंच कर सीसी टीवी फुटेज को खंगाला। इसके बाद एक सीडी में वीडियो की कापी भी ली।
गोलीकांड पर एक नजर :-
2:00 बजे पेट्रोल पंप भाई सोनू के साथ पहुंचा किशन पाल
2:05 बजे हमलावरों ने पहुंच कर शुरू किशन पाल से शुरू की बातचीत
2:08 बजे सूर्य प्रताप ने किशन पाल को मारी गोली
2:15 पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची गश्त कर रही पुलिस
2:20 पर ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने दो हमलावरों को दौड़ कर पकड़ा
2:21 पर यूपी डायल मौके पर पहुंच कर यूपी डायल ने घायल को उठाया
2:40 पर यूपी डायल पुलिस ने घायल को मेडिकल कालेज में कराया भर्ती
3:10 बजे मेडिकल कालेज से घायल को किया गया रेफर