गुरसहायगंज। 20 जनवरी से घर से लापता हुई बालिका का शव थाना कमालगंज के शृंगीरामपुर में मिलने के बाद पुलिस ने छह से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों से फर्रुखाबाद की एसओजी और कन्नौज की स्वाट टीम ने पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड को सुरक्षित रख लिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 10 वर्षीय पुत्री 20 जनवरी की दोपहर घर से गायब हो गई थी। मामले में पिता ने अज्ञात के खिलाफ पुत्री का अपहरण किए जाने का मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराया था। शनिवार को बालिका का शव उसके गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर थाना कमालगंज के शृंगीरामपुर गांव के पास कटरी क्षेत्र में नग्न अवस्था में मिला। शव मिलने की जानकारी पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। थाना कमालगंज कोतवाली प्रभारी अमरपाल सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। रेप की पुष्टि के लिए स्लाइड को सुरक्षित रख लिया गया, जिसे प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। घटना के बाद कोतवाल राजकुमार सिंह ने बालिका के गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे फर्रुखाबाद और कन्नौज की स्वाट टीम ने पूछताछ की, लेकिन अभी वे किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची है।