तिर्वा (कन्नौज)। सपा के जिला पंचायत सदस्य व पूर्व ब्लाक प्रमुख के घर पर कई थानों की पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस कर्मियों ने पूरे घर की तलाशी ली। इस मामले को लेकर पार्टी नेताओं में रोष है। उधर पुलिस की इस कार्रवाई से पूर्व ब्लाक प्रमुख ने कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है ।
सपा से जिला पंचायत सदस्य व उमर्दा से पूर्व ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव का कस्बा स्थित जवाहर नगर मोहल्ले में मकान है। वे मूल रूप से इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मनसुखपुरवा गांव के निवासी हैं। सोमवार को कुछ गाड़ियों से पुलिस फोर्स उनके मकान की तलाशी लेने पहुंची। सपा नेता के परिजनों ने पुलिस से सर्च वारंट मांगा। पुलिस नहीं दिखा सकी। इसके बाद पुलिस उनके घर में घुस कर तलाशी लेने लगी। इस मामले में गोपनीय तरीके से वीडियो भी बनकर वायरल हो गया है। पुलिसकर्मियों ने उनके घर में अलग-अलग कमरों की भी तलाशी ली। बताया जा रहा है। तिर्वा, ठठिया, इंदरगढ़ पुलिस के अलावा बिल्हौर थाने की पुलिस ने भी छापेमारी की थी। पुलिसकर्मियों के सर्च वारंट के बिना तलाशी लेने से सपा नेता ने कोर्ट जाने की बात कही है। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि सपा नेता इंद्रेश यादव के रिश्तेदार पर बिल्हौर थाने में मुकदमा दर्ज है। मुकदमे में आरोपी के तिर्वा में छिपे होने की लोकेशन मिली थी। जिस पर बिल्हौर पुलिस के साथ उनके घर की तलाशी ली गई है।