तिर्वा। सगाई के बाद शादी होने से पहले ही रिश्ता तोड़ दिया गया। सोमवार को पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी से शिकायत की। इसके बाद तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के नथापुर्वा गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने बहन रोलीदेवी की शादी तिर्वा गांधी नगर निवासी पवन कुमार से तय की थी। रिश्ता पक्का होने के बाद 23 अप्रैल 2021 में सगाई भी कर दी गई। सगाई में दूल्हे के साथ ही उसके माता-पिता और तमाम अन्य रिश्तेदार शामिल हुए। सगाई के समय ढाई लाख के जेवर और दस लाख रुपये दिए। तीन दिसंबर को शादी की तारीख तय हुई। गेस्ट हाउस, बैंडबाजा समेत पूरा इंतजाम हो चुका है। बरात से पहले लड़के के पिता राजेश कुमार और मां राकेश कुमारी ने कार और पांच लाख की मांग की। इसका विरोध किया तो दूल्हे के माता-पिता ने शादी से इनकार कर दिया। घंटों मान-मनौव्वल और इज्जत की दुहाई देने के बाद भी वर पक्ष के लोग तीन दिसंबर को बरात लेकर नहीं आए। इसके बाद भी रिश्ता जोड़ने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अब जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में पवन कुमार, राजेश कुमार, राकेश कुमारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।