छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर के रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण करने के दौरान स्टेशन के अंदर गंदगी देखकर जीएम नाराज हो गए। उन्होंने एआरएम को स्टेशन की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। लोगों ने छिबरामऊ से हरिद्वार बस सेवा और स्टेशन पर बसों का ठहराव न होने की शिकायत की। इस पर जीएम ने शिकायत का निवारण करने के निर्देश एआरएम को दिए।
शनिवार को रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण करने के लिए लखनऊ से जीएम श्यामबाबू, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी अग्रवाल, सेवा प्रबंधक आरएल शर्मा, इंजीनियर नवनीत गोयल व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एससी शंखवार पहुंचे। जीएम ने बस स्टेशन में अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा यात्रियों के बैठने, पेयजल व्यवस्था, बसों के रखरखाव के कार्य को देखा। यहां से चलने वाली बसों के बारे में जानकारी ली।
इस बीच बस स्टेशन में गंदगी को देखकर पारा चढ़ गया। एआरएम को फटकार लगाते हुए सफाई कराने के निर्देश दिए। बस स्टेशन में सोलर पोल को हटवाकर किनारे लगवाने और बैटरी बदलवाने के निर्देश दिए। बस स्टेशन में मौजूद लोगों ने छिबरामऊ से हरिद्वार तक बस सेवा बंद होने, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से होकर आगरा व लखनऊ बस सेवा न होने व रात में बस स्टेशन पर बसों का ठहराव न होने की शिकायत की। इस पर जीएम ने तीनों मांगों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।