{"_id":"590f6a424f1c1bdc55851194","slug":"bike-with-van-one-killed-three-wounded","type":"story","status":"publish","title_hn":"वैन से भिड़ी बाइक, एक की मौत, तीन घायल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वैन से भिड़ी बाइक, एक की मौत, तीन घायल
ब्यूरो, अमर उजाला कन्नौज
Updated Mon, 08 May 2017 12:11 AM IST
विज्ञापन
रोते बिलखते परिजन
- फोटो : Amar ujala
थाना तालग्राम के छिबरामऊ-ताहपुर मार्ग पर अंडरपास के पास बाइक और वैन की भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दो को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक वैन छोड़कर भाग गया। हादसे के वक्त बाइक पर तीन लोग सवार थे और हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
थाना सौरिख के हुसेपुर करन गांव निवासी आदित्यपाल (18) पुत्र अरुण कुमार पाल बाइक से चचेरे भाई अवनीश (24) पुत्र जवाहर, धर्मेंद्र (20) पुत्र मंगूलाल पाल के साथ मौसेरी बहन के तिलक समारोह में कोतवाली गुरसहायगंज के टिकईयापुर खुर्रमपुर गांव गया था। जहां से रविवार तड़के तीन बजे घर लौट रहा था। तालग्राम के समीप हाइवे के अंडरपास के पास ताहपुर की ओर जा रही वैन से बाइक की भिड़ंत हो गई। जिससे तीनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। सिर पर हेलमेट न लगाए होने से तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
वैन सवार जिला कासगंज के जिरौला गांव निवासी रामसेवक (55) पुत्र कन्हैयालाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि वैन चालक व अन्य लोग गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे एसओ तालग्राम मोहम्मद तारिक खान व पुलिस बल ने घायलों को पुलिस जीप से सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। वहीं, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में आदित्य की मौत हो गई। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अवनीश व गंगाराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर भेजा गया है।
विज्ञापन
मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र पुत्र मंगूलाल ने अज्ञात वैन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। दरोगा जगदीश बहादुर ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ तारिक खान ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इकलौती संतान था आदित्य
आदित्य अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। सौरिख के कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। मौसेरी बहन के अनुरोध पर चचेरे भाइयों के साथ तिलक समारोह में गया था। हादसे में मौत होने पर पिता अरुण कुमार व मां संगीता बेहाल हैं।