कन्नौज। पंचायत उत्सव भवन और डिजिटल लाइब्रेरी के लिए एनडीटी की ओर से पुस्तकों के चयन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। निर्णय लिया गया कि जिले में बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी में चारों वेद, 18 पुराण व अन्य प्रेरणादायी पुस्तकों का संग्रह किया जाएगा।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी में चारों वेद, 18 पुराण और बच्चों को प्रेरित करने वाली पुस्तकें सम्मिलित की जाएंगी। एनडीटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खैरनगर में समाज कल्याण विभाग की ओर से 65 लाख रुपए से बरात घर का निर्माण भी कराया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत उत्सव भवन का निर्मित कर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खैरनगर में पंचायत उत्सव भवन निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है। उत्सव भवन के लिए कम से कम 3000 वर्गमीटर भूमि आवश्यक होगी। जिन ग्राम पंचायतों में स्वयं की आय अधिक है या जहां खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से अन्नपूर्णा भवन का संचालन किया जा रहा है उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। उत्सव भवन ऐसे स्थलों पर बनाए जाएंगे जो बारहमासी सतह वाली रोड से जुड़े हों और जहां बस व छोटे वाहनों का आवागमन हो सके ताकि अधिक से अधिक आबादी को सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि लाइब्रेरी के लिए जल्द ही पुस्तकों का चयन किया जाएगा। बैठक में सीडीओ रामकृपाल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।