{"_id":"5c7ebb59bdec2213f10dc8f4","slug":"101551809369-kannauj-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा-कांग्रेस में आवेदन शुरू, सपा में संचालन टीम गठित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपा-कांग्रेस में आवेदन शुरू, सपा में संचालन टीम गठित
विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। चुनाव मैदान में एक-दूसरे को चुनौती देने के लिए प्रमुख दलों ने कमर कस ली है। चुनावी बिगुल फुंकने से पहले ही राजनीतिक दलों ने गोटें बिछानी शुरू कर दी हैं। भाजपा और कांग्रेस में आवेदन शुरू हो गए हैं। भाजपा से टिकट लेने के लिए अभी तक तीन लोग सामने आए हैं। कांग्रेस में यह संख्या 10 तक पहुंच गई है। सपा ने चुनाव संचालन टीम का गठन कर दिया है। बसपा में संगठन में फेरबदल किया गया है। जिले में चुनावी सरगर्मी पर एक रिपोर्ट...
सपा: निवर्तमान जिलाध्यक्ष बने चुनाव संयोजक
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के गढ़ कन्नौज में पार्टी ने एक बार फिर परचम लहराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव संचालन टीम का गठन किया गया है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा को चुनाव संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि उन्हें अभी तक हाईकमान से पत्र नहीं मिला। उन्होंने जिम्मेदारी मिलने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि टीम में छह सदस्यों को शामिल किया गया है। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी पहले से सक्रिय है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उसी के हिसाब से काम किया जाएगा। उधर, हाईकमान ने अभी तक जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं किया है। पुरानी कार्यकारिणी जिम्मेदारी निभाती दिख रही है।
विज्ञापन
भाजपा: टिकट के लिए तीन ने किए आवेदन
भाजपा में भी चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी ने मजबूत प्रत्याशी की तलाश शुरू करते हुए आवेदन लेने का काम तेज कर दिया है। अभी तक तीन लोगों ने आवेदन किए हैं। इनमें बिधूना से ब्लाक प्रमुख कौशलेंद्र वर्मा के भाई रोहिताश वर्मा, तिर्वा में भाजपा नेत्री सुनीता सिंह और एक मीडिया कर्मी शामिल हैं। पिछले माह तक पार्टी ने एक के बाद एक कई कार्यक्रम कर चुनावी तैयारियों को परखा था। पिछले दिनों संकल्प बाइक रैली के जरिए भी पार्टी ने अपनी ताकत दिखाई। भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि आवेदन लेने का काम चल रहा है। हाईकमान से जो भी दिशा निर्देश मिल रहे हैं उनका पालन किया जा रहा है। तीन आवेदन अभी तक आए हैं। इन पर विचार हो रहा है।
विज्ञापन
कांग्रेस: 10 ने किए आवेदन, कई और भी लाइन में
दो लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस भी एक बार फिर प्रत्याशी को मैदान में उतारने की तैयारियों में है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कन्नौज से प्रत्याशी उतारेगी या नहीं, इस पर संशय है। पार्टी प्रमुख राहुल गांधी के बयान के बाद प्रदेश नेतृत्व कोई भी कसर बाकी नहीं रखना चाहता है। यही कारण है कि जिले में दावेदारों से आवेदन लेने का काम शुरू हो गया है। अभी तक 10 ने आवेदन किए हैं। इनमें प्रदेश सचिव ऊषा दुबे, पीसीसी सदस्य दिनेश पालीवाल, व्यापारी अरविंद दुबे और कांग्रेसी नेता तारिक बसीर प्रमुख हैं। जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा ने बताया कि पार्टी के दिशा निर्देशों पर काम हो रहा है। कन्नौज सीट से प्रत्याशी उतारने के लिए अभी तक हाईकमान से सकारात्मक संकेत ही मिले हैं।
बसपा: संगठन में फेरबदल, जिलाध्यक्ष बदले
बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव से पहले संगठन में फेरबदल किया है। संजीव दोहरे की जगह राम सिंह गौतम को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। संजीव दोहरे को जोन इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा नरेंद्र कुशवाहा, बौद्धप्रिय गौतम व मुकेश कठेरिया को भी जोन इंचार्ज बनाया गया है। अभी तक मुख्य जोन इंचार्ज रहे नौशाद अली को अवध और पूर्वी सेक्टर का प्रभारी बनाया गया है। बसपा सुप्रीमो ने बूथों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कानपुर में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें संगठन को मजबूत करने निर्देश दिए गए। जोन इंचार्ज संजीव दोहरे ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो का जो भी दिशा निर्देश मिलेगा, उसे पूरा किया जाएगा। कन्नौज में गठबंधन प्रत्याशी को पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ाया जाएगा।
भाजपा-कांग्रेस में आवेदन शुरू, सपा में संचालन टीम गठित
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष को बनाया चुनाव संयोजक, छह सदस्य किए गए शामिल, बसपा ने संगठन में किया फेरबदल, भाजपा में बिधूना (औरैया) ब्लाक प्रमुख के भाई, तिर्वा की भाजपा नेत्री समेत तीन ने किए आवेदन, कांग्रेस में 10 लोगों के आवेदन