झांसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कानपुर प्रांत का 59वां प्रांत अधिवेशन पैरामेडिकल कॉलेज में 25 से 28 दिसंबर तक होगा। अधिवेशन की मुख्य थीम महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा होगी। झांसी में आठ साल बाद होने जा रहे इस अधिवेशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत कर सकते हैं। इसके लिए सीएम से बात चल रही है। बेतवा भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी प्रांत संगठन मंत्री कमल नयन ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रांत अधिवेशन में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के 500 कॉलेजों से 2000 छात्र कार्यकर्ता प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें 500 से अधिक छात्राएं होंगी। अधिवेशन में वर्तमान परिवेश में महिलाओं की स्थिति और भविष्य की दिशा विषय पर भाषण भी रखा गया है। अधिवेशन स्थल का नाम महारानी लक्ष्मीबाई नगर रखा गया है। मुख्य सभागार को झलकारी बाई सभागार नाम दिया है। अधिवेशन में एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें बुंदेलखंड के गौरव के साथ-साथ जल संरक्षण एवं विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी होगी। इस बार के अधिवेशन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, वर्तमान सामाजिक आर्थिक राजनीतिक परिदृश्य पर प्रस्ताव भी पास किया जाएगा। साथ ही साथ राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय, धारा 370, 35ए, नागरिकता संशोधन विधेयक एवं एनआरसी पर अभिनंदन प्रस्ताव भी आएगा। अमित चिरवारिया ने बताया कि 27 दिसंबर को शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए इलाइट चौराहे पर सभा में तब्दील होगी। सभा में उच्च शिक्षा के गिरते स्तर, बेटियां हैं देश का गौरव, युवाओं में बढ़ते नशे का दुष्प्रभाव, विकास के पथ पर बढ़ता बुंदेलखंड आदि विषयों पर भाषण होगा। अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष, दो केंद्रीय प्रतिनिधि आदि भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रदेश मंत्री प्रवीण लखेरा, प्रसन्न जैन, मनेंद्र सिंह गौर, वेद श्रीवास्तव व सौरभ बग्गम मौजूद रहे।