{"_id":"6748cde9839c9b3627019f16","slug":"vending-zone-built-near-minerva-will-be-cancelled-kiosks-removed-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-443122-2024-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: निरस्त होगा मिनर्वा के पास बना वेंडिंग जोन, हटवाई गईं गुमटियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: निरस्त होगा मिनर्वा के पास बना वेंडिंग जोन, हटवाई गईं गुमटियां
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मिनर्वा के पास का वेंडिंग जोन निरस्त किया जाएगा। इसको लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को मौके से गुमटियां भी हटवाई गईं।
जिला अस्पताल से महिला अस्पताल जाने वाले मार्ग पर नगर निगम ने वेंडिंग जोन बना दिया था। यहां पर शेड भी लगा दिया गया। करीब 2 गुणा 2 मीटर क्षेत्रफल में 70 गुमटियां लगाने की अनुमति दी गई। बताया गया कि दुकानदारों ने गुमटी बड़े आकार की बनवा ली। दूसरी तरफ, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में अग्निकांड की घटना हो गई। चूंकि, वेंडिंग जोन जिला अस्पताल की बाउंड्री से सटकर बनाया हुआ है। ऐसे में निगम प्रशासन हरकत में आ गया और यहां से दुकानें हटवानी शुरू कर दीं। अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचीं और गुमटियां हटवाने के निर्देश दिए। देर शाम ट्रक मंगवाकर गुमटियां हटवाई गईं। उन्होंने बताया कि दो दिनों में सभी गुमटियां हट जाएंगी। सुरक्षा के मद्देनजर इस स्थान पर वेंडिंग जोन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
जीआईसी के पास से हटवाए पटरी दुकानदार
मिशन कंपाउंड से राजकीय इंटर कॉलेज तक फुटपाथ के आसपास से नगर निगम की टीम ने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को हटवाया। अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता ने कहा कि सभी को फुटपाथ पर दोबारा दुकान नहीं लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
तिलक मार्केट पहुंची टीम, फुटपाथ से हटवाया सामान
नगर निगम की टीम बृहस्पतिवार को तिलक मार्केट पहुंची। संपत्ति अधीक्षक बृजेश वर्मा ने कहा कि एक होटल की शिकायत हुई थी कि उसके तंदूर से निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैल रहा है। दुकान का सामान भी फुटपाथ तक रखा था। उसे अंदर करवाया गया।