{"_id":"67ec5901ad74e5a79c065984","slug":"uproar-over-opening-of-liquor-shop-woman-beats-up-youth-in-front-of-police-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-525248-2025-04-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: शराब की दुकान खोलने पर हंगामा, पुलिस के सामने महिला ने युवक को पीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: शराब की दुकान खोलने पर हंगामा, पुलिस के सामने महिला ने युवक को पीटा
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शराब की नई दुकानें खुलने पर मंगलवार को कई जगह हंगामा हुआ। नवाबाद के मेडिकल कॉलेज के पास अंग्रेजी शराब की दुकान खुलने पर दो पक्ष भिड़ गए। पुलिस के सामने महिला ने युवक को पीट दिया। पुलिस आरोपियों को थाने ले आई। कोतवाली इलाके में भी शराब की दुकान खोलने पर हंगामा हुआ। नाराज महिलाएं शराब की दुकान के सामने धरने पर बैठ गईं। पुलिस के समझाने के बाद भी महिलाएं नहीं मानीं। देर-शाम तक यहां धरना जारी रहा।
थाना नवाबाद के मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान के स्वामित्व को लेकर हंगामा हुआ। जहां दुकान चल रही है, उसका किराया नवाबाद निवासी आशीष नगरिया वसूल रहा था। दोपहर को पड़ोस में रहने वाला कपिल पहुंच गया। कपिल नए अनुज्ञापी से किराया मांगने लगा। आशीष नगरिया के विरोध करने कपिल के भाई मिथुन समेत उसके परिवार की महिलाओं ने उस पर पुलिस के सामने ही कई थप्पड़ बरसा दिए। पुलिस कपिल, मिथुन समेत दोनों महिलाओं को लेकर थाने आई। नवाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
उधर, लक्ष्मीगेट अंदर देसी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाएं धरने पर बैठ गईं। लोगों ने कोतवाली पहुंचकर नारेबाजी की। धरने पर सुनीता, केसरी, ममता रैकवार, लीला देवी, सरला देवी, मालती जोशी सहित अन्य ने दुकान बंद कराने की मांग की। इस दौरान शाम तक वहां हंगामा होता रहा। विरोध के चलते दुकान आज पहले दिन नहीं खुल सकी। उधर, आबकारी निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक 25 साल से यह दुकान संचालित हो रही है। विरोध के कारण दुकान खुल नहीं सकी। बुधवार को दुकान खुलवाने का प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
इनसेट
शराब कारोबारी से रंगदारी मांगने पर भाजपा पार्षद समेत दो नामजद
शराब की दुकान चलाने के नाम पर दो लाख रुपये मांगने का आरोप, आप पार्षद भी नामजद
झांसी। शराब कारोबारी ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में भाजपा पार्षद अरविंद खटीक एवं आम आदमी पार्टी पार्षद आशीष रायकवार के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हजरयाना मोहल्ला निवासी अंकित राय ने पुलिस को बताया कि नीलामी में उसकी लक्ष्मी गेट अंदर शराब की दुकान आवंटित हुई है। स्थानीय भाजपा पार्षद अरविंद खटीक एवं आम आदमी पार्टी पार्षद आशीष रायकवार उसके पास आए और दुकान खोलने के एवज में दो लाख रुपये महीने समेत हर महीने दो-दो पेटी शराब मांगने लगे। शराब कारोबारी का कहना है कि दोनों पार्षदों ने पैसा न मिलने पर दुकान न चला पाने की धमकी दी। उसके इन्कार करने पर आरोपी अपने साथ कई लोगों को लेकर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। शराब कारोबारी का कहना है कि आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमों में भी फंसा देने की धमकी दी। कोतवाल राजेश पाल के मुताबिक तहरीर के आधार पर दोनों पार्षदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन कराई जा रही है।
इनसेट
पहली बार कंपोजिट दुकानों का आवंटन, देशी शराब हुई महंगी
अभी तक अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानें अलग-अलग संचालित होती थीं। नई नीति के तहत इन दोनों की बिक्री एक साथ कंपोजिट दुकान से होगी। जनपद में 121 कंपोजिट दुकानें हैं। नए वित्तीय वर्ष से देशी शराब पांच रुपये महंगी हो गई जबकि अंग्रेजी व बीयर के दामों में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। जनपद में 427 शराब, बीयर, देसी व भांग की दुकान के लिए ईं-टेंडर हुआ था। इनमें से देसी शराब की 301 दुकानें हैं। इनमें 297 को आवंटित कर दीं हैं। मॉडल शॉप पांच व भांग की चार दुकानें खुलीं। महानगर में दो दुकानों का विरोध हुआ जबकि ग्रामीण क्षेत्र में पांच दुकानों का विरोध हुआ।