दर्दनाक: एचटी लाइन की चपेट में आने से जिंदा जला ट्रैक्टर चालक, आधे घंटे तक जलता रहा, ग्रामीणों ने किया हंगामा
युवक की मौत से नाराज परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने विद्युत विभाग के अभियंताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समथर के बरनाया गांव निवासी कृष्णा (18) पुत्र देवीदयाल राजपूत पिता के साथ खेती करता था। गुरुवार दोपहर धान की कटाई हो रही थी। धान ट्रॉली में भरकर कृष्णा दूसरे खेत में ले जा रहा था। रास्ते में हाईटेंशन तार नीचे झूल रहे थे। जैसे ही कृष्णा ट्रैक्टर लेकर तार के नीचे से गुजरा, उसकी छतरी तार से छू गया। इसके बाद तेज धमाका हुआ। ट्रैक्टर में आग लग गई। कृष्णा भी आग की चपेट में आ गया। आसपास के लोग भी दौड़े लेकिन, करंट होने से किसी की हिम्मत नहीं हुई। पॉवर हाउस में फोन करके बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
इसके बाद पानी डालकर आग बुझाई गई। तब तक कृष्णा की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर लगते ही गांव के लोग भी वहां जमा हो गए। नाराज ग्रामीण हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही सीओ हरिमोहन सिंह भी फोर्स के साथ पहुंच गए। परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया। एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर आईपीसी की धारा 304ए और 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की छानबीन कराई जा रही है।
बेटे की लाश देख बिलख उठी मां
हादसे की सूचना मिलते ही कृष्णा की मां नीतू और अन्य परिजन भी पहुंच गए। इकलौते बेटे की लाश देखते ही मां नीतू बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने किसी तरह उसे होश में लाया। इकलौते बेटे की लाश देखकर उसका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत का पिता को भी गहरा सदमा लगा है।