बरेली-इंदौर एक्सप्रेस में बदमाशों का धावा, उड़ाया सामान और जेवर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली इंदौर एक्सप्रेस में बुधवार की रात बदमाशों ने बुढ़पुरा स्टेशन के पास दो यात्रियों का सामान चुरा लिया। इसमें भोपाल के ठेकेदार की पत्नी रेनू शर्मा का भी बैग शामिल था, जिसमें साढ़े सात लाख रुपये के जेवरात, पचास हजार रुपये नकद व अन्य सामान रखा था। घटना के कारण ट्रेन पौन घंटे तक बुढ़पुरा स्टेशन पर खड़ी रही। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही जीआरपी घटना के खुलासे के नजदीक पहुंच गई। वारदात में शामिल चार में से तीन बदमाशों को पकड़ लिया गया है। ज्यादातर माल भी बरामद हो चुका है।
ग्वालियर के रणधीर कॉलोनी एयरपोर्ट रोड निवासी किरण शर्मा भोपाल में ठेकेदारी करते हैं। वह भोपाल के कोलार रोड पर रहते हैं। दीपावली व शादियों में शामिल होने ग्वालियर आए थे। बुधवार की रात वह 14320 बरेली इंदौर एक्सप्रेस के एस 5 कोच में सवार होकर पत्नी रेनू शर्मा व दो बच्चों के साथ ग्वालियर से भोपाल जा रहे थे।
पत्नी 39 नंबर बर्थ पर सो रही थी। रात में 11.15 बजे ट्रेन जब झांसी से बबीना की तरफ बढ़ रही थी, तभी बुढ़पुरा स्टेशन के पास एक बदमाश पत्नी के सिरहाने के पास रखे बैग को चोरी कर चलती ट्रेन से उतर गया। उनकी पत्नी ने बदमाश को भागते देखा और शोर मचाया, लेकिन वह तब तक कोच से उतरकर अंधेरे में गायब हो गया था। बैग में साढ़े सात लाख रुपये के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल आदि सामान रखा था।
उस समय बुढ़पुरा सेक्शन में कॉशन आर्डर (कार्य के दौरान ट्रेनों को धीमी गति से गुजारना) लगा होने के कारण ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक लिया। इस बीच अन्य यात्री भी जाग गए और उन्होंने अन्य कोचों में बदमाशों की तलाश, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। एस 6 कोच में पता लगा कि वहां से भी बदमाश एक महिला यात्री का बैग चोरी कर ले गए, जिसमें मोबाइल आदि सामान रखा था। इसी बीच तीन बार ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका गया। पौन घंटे बाद ट्रेन मौके से रवाना हो सकी।
वहीं, यात्री ने घटना की जानकारी मोबाइल से जीआरपी और आरपीएफ कंट्रोल को दी। पुलिस अधीक्षक (रेलवे) पीके मिश्रा तक मामला पहुंचा तो उन्होंने तुरंत ललितपुर में ट्रेन पहुंचने से पहले फोर्स को सतर्क कर दिया। ट्रेन के ललितपुर पहुंचने पर यात्री परिवार समेत उतर गया। जीआरपी ने घटना की जानकारी लेने के बाद उनको साथ लिया और बुढ़पुरा स्टेशन पहुंच गए। यहां जीआरपी ने कई घंटों तक आसपास क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश किया। बाद में यात्री को जीआरपी थाने लाया गया, जहां उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
इधर, पता चला है कि जीआरपी ने वारदात में शामिल चार में से तीन बदमाशों को पकड़ लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। ज्यादातर माल भी बरामद हो चुका है। एक बदमाश फरार है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक (रेलवे) पीके मिश्रा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है।