{"_id":"68168264cebebd5edf07b5a6","slug":"the-power-system-collapsed-due-to-the-storm-trees-fell-on-the-wires-at-many-places-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-547171-2025-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: आंधी से औंधे मुंह गिरी बिजली व्यवस्था, जगह-जगह तारों पर गिरे पेड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: आंधी से औंधे मुंह गिरी बिजली व्यवस्था, जगह-जगह तारों पर गिरे पेड़
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शनिवार दोपहर आई जोरदार आंधी से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। गल्ला मंडी, बूढ़ा रोड, हाईडिल कॉलोनी, सीपरी बाजार समेत डेढ़ दर्जन से अधिक जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार समेत खंभे टूट गए। अन्य जगहों पर भी तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित रही। काफी मशक्कत के बाद देर रात तक कई इलाकों की बिजली बहाल की गई। वहीं, कई क्षेत्र में बिजली न होने से पानी की समस्या हुई।
दोपहर 1:45 बजे आई आंधी से सबसे अधिक नुकसान बिजली व्यवस्था को हुआ। सीपरी बाजार फीडर के बूढ़ा चर्च रोड स्थित ट्रांसफार्मर गिर पड़ा। हालांकि, ट्रांसफार्मर को नुकसान नहीं हुआ लेकिन, तार टूट जाने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। सूती मिल फीडर में भी बूढ़ा रोड पर तार गिरने से बिजली ठप पड़ गई। अयोध्यापुरी कॉलोनी, महेंद्रपुरी कॉलोनी, गणेश चौराहा, फिल्टर रोड समेत कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। उनाव गेट से जुड़े इलाकों में भी आपूर्ति लड़खड़ा गई। लाइन में फाल्ट आने से उनाव गेट बाहर समेत आसपास के कई इलाकों की बिजली गुल रही। गल्ला मंडी के पास भी तार पर पेड़ गिरने से कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप रही।
विज्ञापन
आंधी खत्म होने के बाद उपकेंद्र से अभियंताओं की अगुवाई में लाइनमैन की टीम ने मरम्मत कार्य आरंभ कराया। कई जगह वैकल्पिक रास्ते से तार जोड़कर आपूर्ति आरंभ की गई। अधिकारियों के मुताबिक देर रात अधिकांश इलाकों में आपूर्ति आरंभ कर दी गई थी।
विज्ञापन
बॉक्स में -
दावों की खुली पोल
- करोड़ों रुपये खर्च कर बिजली के ढांचे मजबूत करने के दावे किए जा रहे हैं। तार के साथ खंभे भी बदले जा रहे हैं। दावा है कि इस कार्य से बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी। लेकिन, जब आंधी और बारिश का समय आता है तो इन दावों की पोल खुल जाती है और आपूर्ति व्यवस्था ठप हो जाती है। शनिवार को भी ऐसा ही हुआ।
बॉक्स में -
आंधी से लाखों का नुकसान
- आंधी के कारण तारों पर पेड़ गिरने से ये क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ जगहों पर खंभे भी टूट गए। इससे विभाग को लाखों का नुकसान पहुंचा है। बूढ़ा चर्च रोड पर तो दोहरा खंभा गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
वर्जन -
- आंधी चलने से कई स्थानों पर पेड़ लाइनों पर गिरे, इससे आपूर्ति गड़बड़ा गई। सुधार कार्य कर अधिकांश स्थानों की आपूर्ति ठीक कर ली गई है। कुछ जगह फाल्ट सुधारे जा रहे हैं।
- चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण, विद्युत वितरण मंडल