झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्तियों के मामले में चल रही जांच की सुई अब शिक्षकों के पैन कार्ड, आधार कार्ड नंबर एवं बैंक के खाता नंबरों तक पहुंच गई है। सूबे में कई ऐसे प्रकरण सामने आए है, जिनमें एक ही नाम, पैन कार्ड नंबर अथवा बैंक के नंबर दो जनपदों में एक जैसे दर्ज हैं। बुंदेलखंड के जिलों में भी आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे प्रकरण चिह्नित हुए हैं। इनमें झांसी में दो हैं, जिनका सत्यापन कार्य चल रहा है। इसकी रिपोर्ट त्वरित सीधे निदेशालय को जाएगी।
प्रदेश के कई जिलों में फर्जी प्रपत्रों पर शिक्षकों की नियुक्तियों के मामले सामने आने के बाद शासन स्तर पर विभिन्न स्तरों पर तेजी से जांच करा रही हैं। शिक्षकों के वेतन की समस्त डिटेल, ट्रांजेक्शन आदि की जांच में कई प्रकरण ऐसे सामने आए हैं, जिनमें एक ही शिक्षक अथवा कर्मचारी के नाम, पैन नंबर, बैंक खाता संख्या दो अलग - अलग जनपदों में में दर्ज हैं। ऐसे में निदेशालय ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों एवं वित्त एवं लेखाधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। सूत्रों के अनुसार जिले में भी दो ऐसे प्रकरण निदेशालय ने जांच में चिह्नित किए हैं। इनमें एक शिक्षक और एक कर्मचारी है। इनके पेन नंबर अथवा बैंक नंबर दो अलग - अलग जनपदों में दर्ज है। हालांकि शुरुआती विभागीय जांच में इसे कंप्यूटर साफ्टवेयर की गलती माना जा रहा है।