{"_id":"6ae200f9e5d587c0070b69df","slug":"video-a-tractor-hit-two-children-who-were-carrying-an-air-pump-for-their-teacher-one-child-died-2026-10-28","type":"video","status":"publish","title_hn":"शिक्षक के लिए हवा भरने का पंप लेकर जा रहे दो बच्चों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
शिक्षक के लिए हवा भरने का पंप लेकर जा रहे दो बच्चों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत
नीरज नरवरिया
Updated Wed, 28 Oct 2026 07:34 PM IST
Link Copied
झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के जनकपुर में शिक्षक के कहने पर बाइक में हवा भरने का पंप लेकर स्कूल जा रहे दो बच्चों की साइकिल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बालक ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया, जबकि दूसरा करीब 10 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
आदिवासी कॉलोनी निवासी विजय अहिरवार का बेटा अमन अहिरवार (11) प्राथमिक विद्यालय जनकपुर में कक्षा पांच का छात्र था। विजय के मुताबिक, स्कूल के एक शिक्षक की बाइक में हवा कम हो गई थी। उन्हें पता था कि अमन के घर पर हवा भरने का पंप है। इस पर शिक्षक ने अमन और उसके दोस्त गौरव अहिरवार (खुशीराम के पुत्र) को साइकिल से घर भेजकर पंप मंगवाया था।
दोनों बच्चे पंप लेकर साइकिल से स्कूल के नजदीक पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। बताया गया कि ट्रैक्टर अवैध खनन में लगा था। टक्कर लगते ही अमन सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया, जबकि गौरव उछलकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां ईएमओ डॉ. शिवम कुमार ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गौरव को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
दस दिन पहले मनाया था जन्मदिन, दीपावली की तैयारी में जुटा था परिवार
अमन की मौत से परिवार में मातम छा गया। पिता विजय अहिरवार ने बताया कि वह प्लंबर का काम करते हैं। करीब 10 दिन पहले ही अमन का जन्मदिन मनाया था। परिवार में पत्नी, बड़ा बेटा अभय और बेटी नमी हैं। सभी दीपावली की तैयारियों में जुटे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों की तैयारी कर रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।
अवैध खनन के वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
थाना क्षेत्र में अवैध खनन में लगे वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि ऐसे वाहन तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इस हादसे के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन के वाहनों की आवाजाही और उनकी रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।