झांसी: मगरमच्छ के हमले से मचा हड़कंप, दोस्तों संग नदी में नहाने गया छात्र लापता; सर्च ऑपरेशन जारी
झांसी में दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया छात्र मगरमच्छ के हमले के बाद नदी में लापता हो गया। सूचना पर एसडीएम, सीओ और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नदी में छात्र की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झांसी के डिकोली स्थित बेतवा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए युवक पर मगरमच्छ के हमले के बाद लापता हुए 21 वर्षीय रणवीर यादव की तलाश करीब 10 घंटे से जारी है। स्थानीय पुलिस और गोताखोरों ने नदी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रणवीर यादव बेतवा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबोचकर गहरे पानी में ले गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। करीब आठ घंटे तक तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम के पहुंचने के बाद दोबारा सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन शाम तक रणवीर का कोई पता नहीं लग सका।
वहीं, रणवीर के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, रणवीर स्नातक का छात्र है और कानपुर में रहकर कोचिंग कर रहा था। वह रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर आया था। परिजनों से मिलने के बाद वह अपने साथियों के साथ नदी में नहाने चला गया। बताया गया कि रणवीर चार भाइयों में सबसे छोटा है। उसका बड़ा भाई भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि पिता खेती-किसानी करते हैं।