झांसी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अब आधे घंटे पहले अंतिम आरक्षण चार्ट बनाना शुरू कर दिया है। इस सुविधा के बाद अब यात्री करंट में खाली सीटों पर आरक्षण कराने लगे हैं। पहले दिन 200 लोगों ने आरक्षण कराया।
रेलवे कोरोना महामारी के बीच ट्रेनों का संचालन बेहद सावधानी पूर्वक कर रहा है। ट्रेनों का नियमित संचालन 23 मार्च से बंद किया गया था, लेकिन इसके बाद 12 मई से गाड़ियों का दोबारा चलना धीरे- धीरे शुरू किया गया। झांसी से होकर अभी अप और डाउन की साठ ट्रेनें गुजर रहीं हैं। ट्रेन में सिर्फ कंफर्म और आरएसी टिकटधारकों को ही सफर करने की अनुमति दी जा रही है। अभी तक ट्रेन आने के चार घंटे पहले आरक्षण चार्ट जारी हो जाता था। इसके दो घंटे बाद अंतिम चार्ट निकलता था। अंतिम चार्ट निकलने के बाद अगर ट्रेन में सीटें खाली हैं तो वे यात्रियों को नहीं मिल पाती थीं। अंतिम चार्ट बनने पर कंप्यूटर सिस्टम संबंधित ट्रेन में टिकट बनाना बंद कर देता था। मगर रेलवे ने अब इस व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। शनिवार से अंतिम चार्ट ट्रेन आने के पांच से तीस मिनट के बीच जारी करना शुरू कर दिया है। ऐसे में अगर चार घंटे पहले जारी होने वाले पहले चार्ट के बाद सीटें खालीं हैं तो उनमें यात्री अपना टिकट बनवा सकता है। इस सुविधा का लाभ यात्री आरक्षण काउंटर या ऑनलाइन दोनों तरह से उठा सकते हैं। हालांकि, टिकट निरस्त कराने में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पूर्व की तरह ट्रेन आने के आधे घंटे पहले तक ही टिकट निरस्त होगा। इसके बाद किराया वापस नहीं होगा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था शनिवार से चालू हो गई।