मसीहा बनी पुलिस: खबर मिलते ही एक्शन में आई खाकी, जान देने का प्रयास कर रही महिला को बचाया, पढ़ें पूरा मामला
झांसी में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मगरवारा गांव में महिला जान देने का प्रयास कर रही है। इस पर सक्रियता दिखाते हुे पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पड़ोसियों की मदद से पुलिस कर्मियों ने छत के जरिए में घर में प्रवेश कर महिला की जान बचाई। इस पर एसएसपी शिवहरी मीणा ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
विस्तार
झांसी में पुलिस की तत्परता ने जान देने का प्रयास कर रही महिला के जीवन को बचा लिया गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर महिला को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अब महिला पूरी तरह से खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि मगरवारा गांव में बालाराम कुशवाहा के घर में उनकी बेटी सोमवती ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया है। किसी अप्रिय घटना की आशंका है। सूचना पर नजदीक में मौजूद पीआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पड़ोसियों की मदद से पुलिस टीम ने छत के जरिए से घर में प्रवेश किया। देखा तो सोमवती कमरे में फंदे पर लटक गई थी।
पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए दरवाजा तोड़कर सोमवती को नीचे उतारा और स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इलाज के बाद डॉक्टर ने सोमवती के खतरे से बाहर बताया है। डॉक्टर का कहना है कि 30 सेकेंड की देरी से महिला की जान जा सकती थी। सूचना के अनुसार पति से विवाद के चलते महिला आत्महत्या करने जा रही थी। वहीं एसएसपी शिवहरी मीणा ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।