झांसी। सदर बाजार के सिमराहा मोहल्ला निवासी कारोबारी विजय राय पर पुरानी रंजिश में एक दर्जन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हाल में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, उसके परिवार के लोगों ने सदर बाजार थाने में जानलेवा हमला करने के आरोप में 12 आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों को तलाशने में जुट गई है।
विजय के भाई मनोज राय ने पुलिस को बताया कि 15 अक्तूबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर जा रहा था, तभी रेलवे पुलिया से पहले कच्चे रास्ते पर घात लगाए बैठे लोगों ने उसपर कुल्हाड़ी समेत लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बुरी तरह से मारकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए। उन लोगों के पहुंचने पर आरोपी उसे जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग गए। लहूलुहान हाल में मनोज अपने भाई को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि विजय का मोबाइल फोन और नकदी भी आरोपी लूट ले गए। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को सिमराहा निवासी शुभम राय, नितिन राय, शैलेश, सुमित, सागर, रवि, योगेश अहिरवार, अवधेश, सुरेंद्र, अंकित सहारिया, नरेंद्र राय समेत दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।