मोंठ। थाना मोंठ के ग्राम जरया खुर्द में एक महिला ने बुधवार को बेटे को जन्म दिया। कुछ देर बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे मोंठ अस्पताल ले गए, जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया। लेकिन, रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई। यह खबर सुनकर सदमे में मां ने भी दम तोड़ दिया। महिला को बेटा दो बेटियों के बाद हुआ था।
ग्राम जरयाखुर्द निवासी कमलेश सोनी की पत्नी काजल (28) वर्ष ने बुधवार को सुबह पांच बजे घर पर ही बेटे को जन्म दिया। दो बेटी के बाद हुए बेटे को लेकर घर में जश्न का माहौल था। तभी अचानक ग्यारह बजे बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे लेकर मोंठ अस्पताल पहुंचे जहां से झांसी रेफर कर दिय। लेकिन, रास्ते में ही नवजात की मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर गांव में सुनकर उसकी मां की भी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे भी मोंठ अस्पताल ले गए। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे भी झांसी रेफर किया गया। लेकिन, मेडिकल कॉलेज के गेट पर पहुंचकर मां ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि काजल रास्ते भर अपने बेटे को याद कर रही थी। बताया कि काजल की दो बेटियां एक 7 वर्ष और दूसरी 5 वर्ष की है।