रानीपुर। लुहरगांव-मऊरानीपुर सड़क पर मोटरसाइकिल के सामने अचानक जानवर के आ जाने के कारण फिसली बाइक से गिर कर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला देवरी रानीपुर निवासी सुभाषचंद्र पुत्र कुंजीलाल कुशवाहा उम्र 30 वर्ष अपनी बाइक क्रमांक यूपी 93, सीबी 4199 से 13 सितंबर को मऊरानीपुर से मजदूरी करके रात्रि 8:00 बजे के लगभग घर वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक भैंस सामने आ गई जिसे बचाने के चक्कर में बाइक सड़क पर फिसल गई जिससे सुभाष चंद्र कुशवाहा गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण नाक, कान, मुंह से खून बहने लगा। मऊरानीपुर से आ रहे कुछ लोगों ने घटनास्थल पर रुक कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल सुभाष चंद्र को तुरंत मऊरानीपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी उसका एक वर्षीय पुत्र है। पत्नी एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक के पिता की आर्थिक स्थिति खराब है। मोहल्ला वासी पूर्व पार्षद राजाराम कुशवाहा, नितिन कुशवाहा पार्षद, पुष्पेंद्र कुमार, गुलाबचंद कुशवाहा, सुनील खरे, ओम प्रकाश आदि ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग शासन से की है।