झांसी। कोतवाली के नई बस्ती निवासी एक युवक को शादी की पहली वर्षगांठ के दिन ही उसकी पत्नी छोड़कर अपने प्रेमी के पास चली गई। पति को जब इसका पता चला तब उसके होश उड़ गए। कोतवाली पहुंचकर उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। लोकेशन तलाश करके पुलिस विवाहिता समेत उसके प्रेमी को ओरछा से पकड़ लाई। वहीं, विवाहिता ससुराल जाने को राजी नहीं। वह प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी है। थाने में दोनों पक्षों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद भी फैसला नहीं हो सका है। इस मामले में पुलिस भी पशोपेश में फंसी हुई है।
नई बस्ती निवासी युवक की शादी पिछले वर्ष 6 फरवरी 2022 को निवाड़ी के जीरोन थाना क्षेत्र निवासी युवती से हुई थी। युवक जीविकोपार्जन के लिए ऑटो चलाता है। युवक ने पुलिस को बताया कि सोमवार को शादी की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाने की तैयारियों में जुटा था। उसी दौरान पत्नी अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाशने के बाद भी कुछ मालूम नहीं चला। कुछ देर बाद मालूम चला कि पत्नी ओरछा के आजादपुरा गांव में अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। युवक के लोकेशन बताने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। दोनों को बरामद करके पुलिस कोतवाली लाई। यहां परिवार के लोग भी आ गए। परिवार के लोगों ने भी विवाहिता को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन, वह किसी कीमत पर ससुराल जाने को राजी नहीं थी। वह प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। प्रेमी खामोश बैठा रहा। वहीं, कोतवाल तुलसीराम पांडेय का कहना है कि विवाहिता बालिग है। उसके मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी।