झांसी। स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के मामले में गौतमबुद्ध नगर को पहला और झांसी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा मंडल का ललितपुर 20वें और जालौन 36वें स्थान पर रहे हैं। यह सूची वर्ष 2019 से 2020 के बीच हुए कार्यों के आधार पर जारी की गई है। यह रैंकिंग 14 सूचकांकों के आधार पर जारी की गई है। इसमें प्रसव पूर्व चारों जांच, गर्भवती महिलाओं के प्रसव की देखभाल, संस्थागत प्रसव, घर पर हुए प्रसव के 48 घंटे के बाद आशा द्वारा पहली विजिट, महिलाओं और बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन में स्थाई (मिनीलेप व नसबंदी) व अस्थायी (आईयूसीडी व पीपीआईयूसीडी) एवं टीबी नोटिफिकेशन रेट आदि शामिल हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक ऋषिराज ने बताया कि यह रैंकिंग फाइनेंसियल मैनेजमेंट रिपोर्ट, निश्चय पोर्टल, आशा भुगतान बीसीपीएम एमआईएस, एचएमआईएस और यूपीएचएमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर होती है। इसके अंतर्गत सभी इकाई के स्वास्थ्य सूचकांकों के आंकड़ों को प्रविष्ट किया जाता है और इन्हीं के आधार पर एक रैंकिंग लिस्ट जारी होती है। झांसी को यह रैंक प्रसव पूर्व चारों जांचें, गर्भवती महिलाओं के प्रसव की देखभाल, परिवार नियोजन की स्थायी और अस्थायी विधियों आदि क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए दी गई है। ये हैं टॉप पांच जिले - गौतमबुद्ध नगर - झांसी - बागपत - हाथरस - कौशांबी