पीएम आवास योजना के नाम पर हो रही थी ठगी, पर्दाफाश करने पर लोग बोले- शुक्रिया अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झांसी में प्रधानमंत्री आवास योजना में ठगी के खेल का खुलासा होने के बाद हड़कंप मच गया है। वहीं, ठगी का शिकार होने से क्षेत्र के सैकड़ों परिवार बच गए। लोगों ने अमर उजाला का धन्यवाद जताया। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों का जाल झांसी जिले के पचास से अधिक गांवों में फैल गया था।
इस गिरोह से जुड़े लोग जरूरतमंदों को झांसा देकर चार हजार रुपये खाते में जमा कराने को कह रहे थे। इस संबंध में ग्रामीणों के घर पर पत्र भी भेजे गए। अमर उजाला द्वारा इसका खुलासा करने के बाद बीडीओ मोंठ द्वारा जालसाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इससे नेटवर्क का शिकार होने से सैकड़ों लोग बच गए।
लोगों ने अमर उजाला का शुक्रिया अदा किया। उनका कहना है कि हम लोगों के पास भी इस तरह के पत्र आए। खंड विकास अधिकारी सुभाष नेमा ने थाना शाहजहांपुर में तहरीर भेजकर लखनऊ के रवि कुमार और खाता संचालक हाथरस के कैलाश चंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। खाता हाथरस के केनरा बैंक का था।
खाते को फ्रीज करवा दिया गया। कई लोगों के पास पत्र आए और मेसेज के जरिये खाते में 3,000 से 4,000 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। फर्जीवाड़े के बाद पूरे प्रदेश में जांच कराई जा रही है।
दस-दस हजार तक हुए जमा
झांसी में इस फर्जीवाड़े के भले खुलासा हो गया हो लेकिन, जालसाज ने दूसरे जिलों में कई लोगों को अपना शिकार भी बना लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद शुरू हुई पड़ताल में यह बात सामने आई कि जालसाज ने फर्जीवाड़ा करके पहले हाथरस के बसई में सेंट्रल बैंक शाखा में खाता खुलवाया।
इसके बाद इस खाते में एक हजार से लेकर दस हजार रुपये तक की रकम कई बार आरटीजीएस की गई। पैसा जमा होने के तुरंत बाद आगरा में एटीएम से यह राशि निकाल ली जाती थी। इस तरह जालसाज करीब बारह लाख रुपये का फर्जीवाड़ा कर चुका। एफआईआर के दर्ज होने के साथ ही खाते को भी सीज करा दिया गया हालांकि इसमें अधिक रकम नहीं है।