{"_id":"6827a600f651a36b1000261b","slug":"grp-personnel-will-work-in-plain-clothes-to-prevent-theft-in-trains-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-556563-2025-05-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: ट्रेनों में चोरी रोकने के लिए सादे कपड़े में चलेंगे जीआरपी कर्मी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: ट्रेनों में चोरी रोकने के लिए सादे कपड़े में चलेंगे जीआरपी कर्मी
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ट्रेनों में चोरी की घटनाएं रोकने के लिए अब जीआरपी के जवान वर्दी के साथ सादे कपड़े में भी चलेंगे। वह चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेंगे। जीआरपी से अपने सूत्रों को भी सक्रिय किया है।
ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए स्क्वॉयड तैनात रहता है, लेकिन अपराधी इसे चकमा देकर यात्रियों का सामान चोरी कर रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर चोरी के पांच मामले सामने आए हैं। सहालग होने के कारण यात्री गहने और रुपये लेकर यात्रा कर रहे हैं। चोर इसका फायदा उठा रहे हैं।
विज्ञापन
जीआरपी एसएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने सीओ नईम मंसूरी के साथ चाेरी की घटनाएं रोकने के लिए मंथन किया। सीओ नईम मंसूरी ने बताया कि अब सादे कपड़ों में भी जीआरपी के जवान ट्रेनों में चलेंगे। ये जवान यात्रियों को अपराधियों से बचाने के साथ ही मुखबिरोंं की सूचना पर कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन
दिन में कम, रात में अधिकांश ट्रेनों में रहता है स्क्वॉयड : दिन में कम, लेकिन रात में गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों में जीआरपी के जवान तैनात रहते हैं। लेकिन ये जवान ट्रेनों के झांसी से रवाना होने के बाद कुछ दूर तक ही कोचों की जांच करते हैं। इसके बाद एक स्थान पर बैठ जाते हैं। इस कारण चोरों को अपना काम करने में आसानी हो जाती है।
चोरी की घटनाओं पर मांगा स्पष्टीकरण : सीओ नईम मंसूरी ने बताया कि जिन ट्रेनों में चोरी की घटनाएं हुई हैं, उनमें तैनात जीआरपी के जवानों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हाल में हुईं ये घटनाएं
केस एक : ट्रेन 12214 यशवंतपुर एसी दुरंतो एक्सप्रेस में सरांय रोहिल्ला से रानी कमलापति स्टेशन तक सफर करने के लिए कोच ए-1 में 33 नंबर सीट पर बबीता सवार थीं। झांसी स्टेशन पहुंचने से पहले बबीता का पर्स नदारद हो गया। उन्होंने कोच के अटेंडेंट पर शक जताया। वह जीआरपी को घटना की जानकारी देतीं, इससे पहले ट्रेन रवाना हो गई।
केस दो : मुंबई निवासी अमाश अहमद शेख ट्रेन 12715 सचखंड एक्सप्रेस से परिवार के साथ भोपाल से आगरा जा रहे थे। झांसी स्टेशन आने से पहले उनकी पत्नी ने पर्स चेक किया तो उसमें से आठ हजार रुपये, मोबाइल, डेबिट कार्ड चोरी हो गया था।
केस तीन : ट्रेन 12808 समता एक्सप्रेस के एसी कोच ए-2 में सीट नंबर 15, 16, 17 पर सवार रायपुर निवासी रेखा अपने परिवार के सदस्यों के साथ रायपुर से मथुरा के लिए यात्रा कर रही थीं। वह सीट पर मोबाइल रखकर सो गईं। जागीं तो मोबाइल गायब था।
केस चार : ट्रेन 12104 पुणे स्पेशल के एस-1 कोच में सीट नंबर 8 पर मयंक सिंह यादव कानपुर से मनमाड़ की ओर जा रहा था। वह अपना बैग सीट पर रखकर सो गया। जागा तो बैग नदारद था। बैग में एक हजार रुपये, अन्य सामान रखा हुआ था।
000000
पुष्पक एक्सप्रेस में जेवर चोरी का मामला दर्ज
झांसी। 29 अप्रैल को ट्रेन 12183 पुष्पक एक्सप्रेस के कोच एस-1 की सीट 55 व 71 पर उर्मिला अपने बेटे हप्रिकाश, बहू संजू और पति शिवकुमार के साथ यात्रा कर रही थीं। वह भोपाल से अमेठी जा रही थीं। झांसी पहुंचने पर उन्होंने अपने ट्रॉली बैग की चेन खुली पाई। बैग खोलकर देखा तो उसमें से सोने का हार, सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र और चांदी की कमरपेटी के साथ अन्य जेवर रखे थे। ट्रेन रवाना होने के कारण मामला लखनऊ में दर्ज कराया। जीआरपी लखनऊ ने झांसी जीआरपी को मामले की जांच करने के लिए फाइल भेजी है।