झांसी। तीन करोड़ का बीमा क्लेम हासिल करने के लिए एक कारोबारी द्वारा रची गई खुद की हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कारोबारी ने दोस्त की हत्या कर पहचान छुपाने के लिए शव जला दिया था। साथ ही सारे सुबूत भी जुटा दिए थे, जिससे कि पुलिस को लगे कि मरने वाला कोई और नहीं बल्कि कारोबारी ही है। लेकिन, पुलिस ने घटना की गुत्थी सुलझा ली है। कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ओरछा थाना के वनगांय के पास 19 मार्च को एक अधजली लाश मिली थी। मृतक की पहचान बबीना निवासी सीताराम राजपूत के पुत्र टीवीएस बाइक के सब डीलर पवन राजपूत (32) के रूप में हुई थी। पिता ने ओरछा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। माना जा रहा था कि बदमाशों ने लूट के बाद युवक लाश को ठिकाने लगाने के लिए जला दिया। लेकिन, मामले की पड़ताल में सामने आया कि पवन ने तीन करोड़ का बीमा हासिल करने के लिए खुद की हत्या की साजिश रची थी। अपने दोस्त दतिया जिले के पखरा निवासी नीरज परिहार की शराब पिलाकर हत्या कर दी थी। शव की पहचान न हो, इसके लिए पेट्रोल डालकर जला भी दिया था। साथ ही शव के इर्दगिर्द अपने कपड़े, आधार कार्ड व अन्य कागजात छोड़ दिए थे। इस घटना में ओरछा पुलिस को बड़ी सफलता हासिल लगी है। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने पवन राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।